Monday, 2 November 2026

सेक्टर-42 कम्युनिटी सेंटर में पुलिस और वार्डवासियों की बैठक, नशे एवं अपराध पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

By 121 News
Chandigarh, Nov.02, 2026:- सेक्टर-42 के कम्युनिटी सेंटर में थाना प्रभारी चिरंजी लाल मौदगिल ने अपनी पुलिस टीम के साथ वार्ड नंबर 24 के निवासियों एवं दुकानदारों के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, नशे की समस्या पर अंकुश लगाना तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना था।

इस अवसर पर आर डब्ल्यू ए सेक्टर 42-C के प्रधान भरत भूषण डाबर ने एस एच ओ का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र में बीट बॉक्स स्थापित करवाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है।

वहीं, सेक्टर 42-C मार्केट के प्रधान अजय अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र में अपराध की घटनाओं में कमी आई है, लेकिन कुछ लोग अभी भी शाम के समय अपनी गाड़ियों में बैठकर नशा करते हैं और शराब पीते हैं।

इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एस एच ओ  चिरंजी लाल मौदगिल ने तुरंत बीट इंचार्ज को शाम के समय नियमित पेट्रोलिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने एवं शराब पीने वालों के खिलाफ नियमानुसार डी डी आर दर्ज करने और चालान सहित उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर वार्ड नंबर 24 के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने एस एच ओ का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बेहद सराहनीय बात है कि पिछले एक सप्ताह में एस एच ओ ने वार्ड में तीन से चार बैठकें आयोजित कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया है। पिछले सप्ताह सेक्टर 42-C मार्केट में, कल सेक्टर 36 मार्केट में और आज सेक्टर 42 कम्युनिटी सेंटर में बैठक करके उन्होंने लोगों के बीच विश्वास और अपनापन पैदा किया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का इस तरह जनता के बीच पहुंचना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना एक सकारात्मक पहल है। आज वार्ड के लोगों में यह विश्वास पैदा हुआ है कि हमारा वार्ड चंडीगढ़ का सबसे पहले नशामुक्त वार्ड बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने भी बताया कि उनका वार्ड लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक नशामुक्त हो चुका है।

जसबीर सिंह बंटी ने बीट इंचार्ज नरेंद्र कुमार एवं बीट टीम एवं समावेश के सदस्य संदीप और विकास की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिसकर्मी लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और लोगों के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है।

उन्होंने एस एच ओ से आग्रह किया कि इसी तरह समय-समय पर लोगों के बीच बैठकें आयोजित करते रहें, उनकी समस्याएं सुनें और उन्हें यह भरोसा दिलाते रहें कि पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।

बैठक के अंत में सभी स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों ने एस एच ओ चिरंजी लाल मौदगिल ने और उनकी पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया तथा वार्ड को पूरी तरह नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
Uploaded Image

Saturday, 31 October 2026

नेक्सस एलांते मॉल में दिवाली पर ‘द सेक्रेड लोटस’ की अनूठी सजावट, पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक तकनीक का संगम

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:- नेक्सस एलांते मॉल ने इस दिवाली ‘द सेक्रेड लोटस’ थीम पर विशेष सजावट की है, जिसमें पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। राजस्थान की प्रसिद्ध पिछवाई चित्रकला और कमल के सांस्कृतिक महत्व से प्रेरित इस सजावट में आकर्षक कलाकृतियों, रोशनी और आधुनिक दृश्य तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

इस सजावट का मुख्य आकर्षण कमल के फूल के आकार में बनाई गई भव्य संरचना है, जिसके भीतर 360 डिग्री प्रोजेक्शन डोम स्थापित किया गया है। इसमें प्रवेश करने वाले दर्शक भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रोशनी, चित्रों और कहानियों का अनूठा अनुभव कर सकते हैं। आधुनिक तकनीक के जरिए पारंपरिक भारतीय कला को नए और आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

राजस्थान की पिछवाई चित्रकला में इस्तेमाल होने वाले फूलों के सुंदर नमूनों, बारीक नक्काशी और पारंपरिक डिजाइन से प्रेरित यह सजावट भारतीय कलाकारों की उत्कृष्ट कारीगरी को दर्शाती है। आकर्षक आकृतियां और विशेष प्रकाश व्यवस्था इसे मॉल में आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बना रही हैं।

भारतीय परंपरा में कमल को पवित्रता, समृद्धि और देवी लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए इसे दिवाली की सजावट का मुख्य विषय बनाया गया है। इस पहल के जरिए नेक्सस एलांते मॉल का उद्देश्य भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नए रूप में लोगों के सामने प्रस्तुत करना है।

दिवाली के अवसर पर की गई यह विशेष सजावट मॉल के उत्सवी माहौल को और आकर्षक बना रही है। साथ ही यहां आने वाले लोगों को भारतीय विरासत, आधुनिक डिजाइन और डिजिटल तकनीक के संगम का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।
Uploaded Image

कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल को दी श्रद्धांजलि

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज सेक्टर 35 स्थित कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि मनाई। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और "इंदिरा गांधी अमर रहें" के नारे लगाए।

श्रद्धांजलि देते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि इंदिरा गांधी बेहद साहसी नेता थीं। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को हमेशा सबसे ऊपर रखा, यहां तक कि अपनी जान से भी ऊपर। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी ने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, लेकिन एक मज़बूत, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत का उनका सपना आज भी हर कांग्रेस कार्यकर्ता के दिल में ज़िंदा है।

लक्की ने आगे कहा कि आज देश को इंदिरा गांधी जैसे मज़बूत फैसलों और गरीबों के प्रति उनके समर्पण की पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय मज़बूती के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाती रहेगी।

देश के निर्माण में इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि 1969 में बैंकों के राष्ट्रीयकरण से किसानों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों के लिए बैंकों के दरवाज़े खुले। इसी तरह, उनके नेतृत्व में आई हरित क्रांति ने भारत को अनाज के मामले में आत्मनिर्भर बनाया और देश को विदेशों से अनाज मंगाने की मजबूरी से आज़ादी दिलाई।

कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि पुराने राजा-महाराजाओं को मिलने वाले प्रिवी पर्स (राजभत्ते) खत्म करके इंदिरा गांधी ने विशेषाधिकारों पर करारी चोट की और लोकतंत्र में बराबरी को मज़बूत किया। इसके अलावा, 1974 में पोखरण परमाणु परीक्षण से भारत परमाणु शक्ति बना और दुनिया ने भारत की वैज्ञानिक ताकत को पहचाना।

कार्यकर्ताओं ने यह भी याद किया कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने 1971 के युद्ध में ऐतिहासिक जीत हासिल की। इस जीत से भारत के स्थायी विरोधी पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए और बांग्लादेश का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि यह आज भी भारत के इतिहास के सबसे गौरवशाली अध्यायों में से एक है।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 151वीं जयंती पर भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के पहले गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी सूझबूझ और दृढ़ संकल्प से 560 से ज़्यादा रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, इसीलिए उन्हें "लौह पुरुष" कहा जाता है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज के दिन देश कांग्रेस के दो महान नेताओं को एक साथ याद कर रहा है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया।

इस अवसर पर दर्जनों वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Uploaded Image

"कांग्रेस ने गृह मंत्री को घेरा, भाजपा की बेरुखी से चंडीगढ़ परेशान

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम शहर आ रहे हैं। यहाँ वो रिबन काटेंगे और नींव पत्थर रखेंगे। इस पर चंडीगढ़ कांग्रेस ने कहा कि शहर के लोगों को फोटो खिंचवाने वाले प्रोग्राम नहीं, अपने सवालों के जवाब चाहिए। चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ तो सीधा गृह मंत्रालय के नीचे चलता है। इसलिए शहर में जो भी पैसे की तंगी है, जो भी घोटाला है और लोकतंत्र के साथ जो भी खिलवाड़ हुआ है, उसका ज़िम्मा अमित शाह का ही बनता है।
शर्मा ने बताया कि 2026-27 के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने ₹8,379.81 करोड़ माँगे थे, पर केंद्र ने दिए सिर्फ़ ₹6,545.52 करोड़। मतलब शहर के हिस्से के ₹1,834 करोड़ से ज़्यादा काट लिए गए। हद तो ये है कि ये पैसा पिछले साल के ₹6,983.18 करोड़ से भी ₹437.66 करोड़ कम है। ऊपर से विकास के कामों वाला पैसा, यानी कैपिटल खर्च, ₹798 करोड़ से घटाकर सिर्फ़ ₹606 करोड़ कर दिया। शर्मा बोले, "ये गलती से नहीं हुआ, जानबूझकर शहर का गला दबाया जा रहा है। पहले गृह मंत्री शहर को जायज़ संसाधनों से वंचित रखते हैं, फिर चार प्रोजेक्टों का उद्घाटन करने ऐसे आ जाते हैं जैसे चंडीगढ़ पर बड़ा एहसान कर रहे हों।" उन्होंने कहा कि नगर निगम आज तक की सबसे बुरी माली हालत में पहुँच गया है। मुलाज़िमों को अपनी तनख्वाह तक की फ़िक्र करनी पड़ी। पर जिनके हाथ में खज़ाने की चाबी है, उन्हें कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने शहर का बिजली विभाग, जो मुनाफ़े में चल रहा था और जिसे सालों-साल जनता के पैसे से खड़ा किया गया था, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप की कंपनी एमिनेंट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड को सिर्फ़ ₹871 करोड़ में थमा दिया। मुलाज़िम, शहर के लोग और कांग्रेस लगातार इसके खिलाफ़ खड़े रहे, पर सरकार ने किसी की नहीं सुनी। शर्मा बोले, "दो लाख से ज़्यादा घरों-दुकानों को बिजली देने वाला जनता का विभाग कौड़ियों के भाव दे दिया। और दिया किसे? उस ग्रुप को, जिसकी कंपनी हल्दिया एनर्जी ने ₹377 करोड़ के इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे और देश के टॉप पाँच चंदा देने वालों में रही। इसमें से भाजपा को भी चंदा गया। गृह मंत्री सोचते होंगे कि लोग ये बात नहीं समझेंगे, पर चंडीगढ़ वाले सब समझते हैं।"
शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता अनिल मसीह जनवरी 2024 के मेयर चुनाव में प्रेज़ाइडिंग ऑफिसर थे और कैमरे पर बैलट पेपरों से छेड़छाड़ करते पकड़े गए। उन्होंने कहा कि यह देश में "वोट चोरी" का पहला साबित हुआ मामला है। सुप्रीम कोर्ट ने गड़बड़ी से निकला नतीजा पलट दिया और माना कि मसीह ने गलत तरीके से चुनाव का रुख बदला। कोर्ट में झूठ बोलने पर उन्हें नोटिस भी मिला, जिसके बाद उन्होंने गड़बड़ी मानी और बिना शर्त माफ़ी माँगी। शर्मा बोले कि फिर भी ये आदमी आज तक नॉमिनेटेड पार्षद बनकर निगम हाउस में बैठा है और जनता के पैसे से मानदेय ले रहा है। ऊपर से भाजपा के पार्षद इसे बचाने के लिए आगे आ जाते हैं। नॉमिनेटेड पार्षद प्रशासन लगाता है, और प्रशासन अमित शाह को जवाब देता है। जिसे सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई हो, उसे हाउस में बैठाए रखना कोर्ट की सीधी बेइज़्ज़ती है। इससे साफ़ पता चलता है कि अमित शाह के नीचे चल रहे चंडीगढ़ प्रशासन को न सुप्रीम कोर्ट की परवाह है, न लोकतंत्र की।
शर्मा ने याद दिलाया कि 4 अगस्त 2024 को अमित शाह ने खुद बड़े ढोल-नगाड़ों के साथ मनीमाजरा में ₹75 करोड़ के 24 घंटे पानी वाले प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था। 15 साल की देखरेख जोड़कर इस प्रोजेक्ट का पूरा खर्च ₹160 करोड़ बैठता है। पर उद्घाटन के दो महीने के अंदर ही पाइपें लीक होने लगीं और लोगों के घरों में गंदा, मटमैला पानी आने लगा। शर्मा बोले कि ये घोटाला इतना बड़ा है कि भाजपा के अपने शहर प्रधान को अमित शाह को चिट्ठी लिखकर भ्रष्टाचार की शिकायत करनी पड़ी। भाजपा के बड़े नेताओं में मोटा पैसा इधर-उधर हुआ है, और ये विजिलेंस जाँच सिर्फ़ दिखावा है। विजिलेंस खुद कह चुकी है कि निगम ने उसे पूरा रिकॉर्ड ही नहीं दिया। जाँच शुरू हुए साल भर से ज़्यादा हो गया, पर किसी बड़े आदमी पर हाथ तक नहीं डाला। जिन गृह मंत्री ने रिबन काटा था, अब वही बताएँ कि मनीमाजरा को किसने लूटा? उन्होंने कहा कि कांग्रेस फिर माँग करती है कि इसकी आज़ाद जाँच हो, और वो भी कोर्ट की निगरानी में।
शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ के लोग जीएसटी, इनकम टैक्स और बाकी टैक्सों से देश के खज़ाने में अच्छा-खासा पैसा भरते हैं। फिर भी शहर को हर साल अपने ही पैसे के लिए हाथ फैलाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि हम अमित शाह से कहते हैं कि चंडीगढ़ को दुधारू गाय समझना बंद करें। शहर के लोग जितना टैक्स देते हैं, उसी हिसाब से चंडीगढ़ को उसका हक़ का पैसा दें। चंडीगढ़ वालों की मेहनत की कमाई का टैक्स अपनी मर्ज़ी के दूसरे राज्यों में भेजना बंद करें। चंडीगढ़ भाजपा की जागीर नहीं है, ये 'सिटी ब्यूटीफुल' है, और यहाँ के लोग चुप नहीं बैठेंगे।

भाजपा नेता संजीव वर्मा ने धनास की कच्ची कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक टालने की प्रशासन से की अपील

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:-धनास स्थित कच्ची कॉलोनी को दिवाली के बाद हटाए जाने संबंधी समाचारों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता संजीव वर्मा ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक माननीय गुलाब चंद कटारिया से कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक टालने को लेकर उनको ईमेल तथा पत्र लिखकर यह विनम्र अनुरोध किया है।

संजीव वर्मा ने कहा कि कच्ची कॉलोनी में बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद परिवार अपने बच्चों के साथ रह रहे हैं। अचानक मकान खाली करवाने से इन परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो जाएगी। विशेष रूप से बच्चों की परीक्षाएं नजदीक हैं। यदि इस समय परिवारों को विस्थापित किया जाता है तो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सर्दियों का मौसम भी शुरू होने वाला है। ऐसे समय में गरीब परिवारों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के घरों से हटाना उनके लिए काफी मुश्किलें पैदा कर सकता है। इसलिए मानवीय एवं नैतिक आधार पर प्रशासन को मार्च 2027 तक का समय देना चाहिए।

भाजपा नेता ने यह भी मांग की कि प्रशासन द्वारा करवाए गए बायोमेट्रिक सर्वे के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के जो भी लाभार्थी पात्र पाए जाते हैं, उन्हें नियमानुसार मकान उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को बेघर न होना पड़े।

उन्होंने आगामी नगर निगम चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलोनी में रहने वाले पात्र मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक पात्र नागरिक को चुनाव में मतदान करने का अवसर मिलना चाहिए।

संजीव वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रशासन के किसी भी निर्णय का विरोध करना नहीं है, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक उचित समय और वैकल्पिक आवास व्यवस्था सुनिश्चित करवाना है।

अंत में उन्होंने माननीय राज्यपाल एवं प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से अपील की कि धनास कच्ची कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक स्थगित करने तथा पात्र परिवारों के पुनर्वास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
Uploaded Image

आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर बसपा ने कसी कमर: संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और चुनावी रणनीति पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:-आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी, चंडीगढ़ यूनिट की ओर से एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की *अध्यक्षता चंडीगढ़ लोकसभा इंचार्ज सरदार सुरेंद्र सिंह खुड्डा ने की। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा आगामी नगर निगम चुनावों में पार्टी की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरदार सुरेंद्र सिंह खुड्डा ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने-अपने वार्डों में सक्रिय होकर कार्य करने तथा जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल, जोन इंचार्ज एडवोकेट विक्रांत, डॉ. निर्मल सिंह बीका, शंकर राव, दिनेश दहिया, इंद्रवीर, त्रिलोक चंद, विजय कुमार, BVF इंचार्ज रोबिन सिंह  एवं बामसेफ़ अध्यक्ष  पवन चौहान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और आगामी नगर निगम चुनावों में बहुजन समाज पार्टी को मजबूत स्थिति में लाने के लिए पूरी निष्ठा एवं एकजुटता से कार्य करने का संकल्प लिया।

बहुजन समाज पार्टी, चंडीगढ़ यूनिट का लक्ष्य चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों में संगठन को मजबूत करना, जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और आगामी नगर निगम चुनावों में मजबूती के साथ अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराना है।
Uploaded Image

कल्याण संतोष चैरिटेबल सोसाइटी, चंडीगढ़ 'हमारा घर हमारा अधिकार' आंदोलन का दूसरा दिन, सोमवार से शुरू होगा क्रमिक अनशन

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:-कल्याण संतोष चैरिटेबल सोसाइटी के तत्वावधान में सेक्टर-25 रैली ग्राउंड, चंडीगढ़ में चल रहे 'हमारा घर हमारा अधिकार' आंदोलन का आज दूसरा दिन है। कॉलोनीवासियों को उनके मकानों का मालिकाना हक दिलाने तथा कॉलोनियों से उजाड़े गए परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है।
इस अवसर पर कल्याण संतोष चैरिटेबल सोसाइटी की ओर से एडवोकेट सुरेंद्र ठाकुर ने घोषणा की कि सोमवार, 2 नवंबर 2026 से आंदोलन के अंतर्गत क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
एडवोकेट सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि चंडीगढ़ में वर्षों से रह रहे हजारों परिवार आज भी अपने मकानों के मालिकाना हक से वंचित हैं। वहीं, कॉलोनियों से उजाड़े गए अनेक परिवार अपने पुनर्वास और स्थायी आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन परिवारों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारा आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर और कॉलोनीवासियों के संवैधानिक अधिकारों तथा सम्मानजनक जीवन की मांग को लेकर है।
एडवोकेट सुरेंद्र ठाकुर ने चंडीगढ़ के समस्त कॉलोनीवासियों, पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों और उजाड़े गए लोगों से अपील करते हुए कहा:
 उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ परिवारों की नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के हर उस नागरिक की है जो अपने घर के मालिकाना हक और सम्मानजनक आवास के लिए संघर्ष कर रहा है। मैं सभी कॉलोनीवासियों से अपील करता हूं कि वे सेक्टर-25 रैली ग्राउंड पहुंचकर इस आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक हमारी जायज मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, हमारा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक धरना जारी रहेगा।
उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की कि कॉलोनीवासियों को मालिकाना हक देने के लिए उचित नीति बनाई जाए तथा उजाड़े गए परिवारों के पुनर्वास एवं आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
धरने में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
आज धरने के दूसरे दिन एडवोकेट सुरेंद्र ठाकुर के साथ मनीष कुमार, रेनू पांडे, मधुबाला, रमेश चंद, कुसुम, जयंती देवी, पुष्पा जी, गणेश यादव जी, शीला जी, रीना, राजकुमारी, भगवान दास, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं आंदोलन समर्थक उपस्थित रहे।
हमारा संकल्प — हमारा घर, हमारा अधिकार!
Uploaded Image

Friday, 30 October 2026

निरंकारी सामूहिक सादा शादियाँ  में 126 नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे

By 121 News
Chandigarh, Oct.30, 2026:- जहाँ सतगुरु का पावन आशीर्वाद, प्रेम और आध्यात्मिकता का संगम हो, वहाँ हर मंगलमय पल एक दिव्य अनुभूति बन जाता है। 79वें निरंकारी संत समागम के समापन उपरांत समालखा के पावन मैदानों में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की दिव्य उपस्थिति में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह इसी आध्यात्मिक भावना का सुंदर प्रतीक बना, जहाँ 126 नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर अपने नवजीवन का शुभारंभ किया और सतगुरु से प्रेम, समर्पण एवं सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद प्राप्त किया।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक जयमाला एवं निरंकारी सांझा-हार से हुआ, जिसे मिशन की प्रधान आदरणीय राजकुमारी जी एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को पहनाकर उनके सुखमय नवजीवन की मंगलकामना की। इसके पश्चात हिंदी में भक्तिमय निरंकारी लावों का गायन हुआ, जिनमें विश्वास, सम्मान एवं समर्पण पूर्ण गृहस्थ जीवन की शिक्षाएँ समाहित थीं। अंत में सतगुरु माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवृष्टि कर उन्हें सुख, शांति एवं आनंदमय जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में नवविवाहित जोड़ों को प्रेरित करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह का भाव केवल एक आयोजन तक सीमित न रहकर जीवन जीने का ढंग बनना चाहिए। पति-पत्नी एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समान रूप से निभाते हुए प्रेम, विश्वास और तालमेल के साथ आगे बढ़ें तथा एक-दूसरे के दो पंख बनकर जीवन की हर परिस्थिति का सामना करें।

सतगुरु माता जी ने सेवा, सुमिरन और सत्संग के मार्ग पर परस्पर सहयोग का महत्व बताते हुए प्रेरित किया कि पति-पत्नी एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। विवाह जीवनभर प्रेम, आदर और समर्पण से निभाया जाने वाला पवित्र रिश्ता है, जिसे दोनों परिवारों के आपसी सम्मान और स्नेह से और भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को एक-दूसरे की कमियों को सहजता से स्वीकार करने तथा क्षमा और विनम्रता का भाव बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही, सतगुरु माता जी के परिवार के सदस्य का शुभ विवाह भी इसी सामूहिक सादा शादियों में सम्पन्न हुआ।

संत निरंकारी मंडल के सचिव आदरणीय जोगिन्दर सुखीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित इस समारोह में सतगुरु माता जी के सान्निध्य में भारत के विभिन्न राज्यों-बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं पश्चिम बंगाल सहित ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और कनाडा से आए नवयुगलों ने सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों से आए इन 126 नवयुगलों का एक साथ परिणय सूत्र में बंधना एकत्व, समानता और वैश्विक भाईचारे की अनुपम मिसाल बना, जहाँ विविधताओं के बीच प्रेम और मानवता का सांझा सूत्र स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इस प्रकार, यह दिव्य आयोजन सादगी, प्रेम और एकत्व का अनुपम प्रतीक बना, जिसने यह संदेश दिया कि सच्चे संबंध विश्वास, समर्पण और मानवीय मूल्यों से सशक्त होते हैं। निसंदेह, सतगुरु के पावन आशीर्वाद से आरंभ हुई इन नवयुगलों की जीवन यात्रा प्रेम और खुशहाली से परिपूर्ण हो, यही इस मंगलमय आयोजन की सुंदर प्रेरणा रही।
Uploaded Image

पानी के बकाया बिल किस्तों में जमा करवाने की मिलेगी सुविधा, छठ पूजा का बजट ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किया गया: जसबीर सिंह बंटी

By 121 News
Chandigarh, Oct.30, 2026:- चंडीगढ़ नगर निगम की 366वीं फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी की बैठक में कांग्रेस पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने शहरवासियों, विशेषकर गांवों के निवासियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। बैठक में उठाए गए मुद्दों पर नगर निगम कमिश्नर और मेयर ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पानी के बकाया बिलों के लिए लगेंगे विशेष कैंप, मिलेगी किस्तों में भुगतान की सुविधा:-

पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने पानी के बढ़ते बकाया बिलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम लोगों और गांवों के निवासियों के लिए एकमुश्त बड़ी राशि जमा करवाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मांग की कि लोगों को बकाया बिलों का भुगतान किस्तों में करने की सुविधा दी जाए, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण किसी का पानी का मीटर या कनेक्शन न काटा जाए।

इस पर नगर निगम कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए और कहा कि लोगों को अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार बकाया राशि किस्तों में जमा करवाने की सुविधा दी जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

छठ पूजा के लिए बजट ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किया:-

बंटी ने छठ पूजा के पावन पर्व को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पहले केवल 14 स्थानों पर छठ पूजा के लिए व्यवस्था करने की योजना बनाई गई थी, जबकि सभी पार्षदों से उनके वार्डों में जरूरत के अनुसार स्थानों की जानकारी लेकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।

उनके सुझाव पर छठ पूजा के लिए निर्धारित बजट को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दिया गया।

इस बजट के तहत छठ पूजा के लिए खड्डों का निर्माण, अच्छी गुणवत्ता की तिरपाल, लाइटें, लड़ियां, आवश्यकतानुसार नगर निगम की ओर से बैनर तथा छोटा म्यूजिक सिस्टम लगाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर सकें।

नगर निगम के सभी वाहनों में लगाए जाएंगे GPS सिस्टम:--

बंटी ने नगर निगम के MOH और हॉर्टिकल्चर विभाग के वाहनों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए सभी वाहनों में GPS सिस्टम लगाने का सुझाव दिया। इससे यह पता चल सकेगा कि कौन-सी गाड़ी कितने चक्कर लगा रही है, कितना हॉर्टिकल्चर वेस्ट और अन्य सामान उठा रही है तथा निर्धारित क्षेत्र में कितना काम कर रही है।

पहले V5 और V6 सड़कों की होगी री-कारपेटिंग:--

शहर की सड़कों की खराब स्थिति और रुके हुए कार्यों का मुद्दा उठाते हुए कमिश्नर ने बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन के सेक्रेटरी इंजीनियरिंग और चीफ इंजीनियर के साथ इस विषय पर बैठक की है।

उन्होंने बताया कि V3 सड़कों की स्थिति फिलहाल लगभग ठीक है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर नगर निगम के अधीन आने वाली V5 और V6 सड़कों की री-कारपेटिंग करवाई जाएगी, ताकि आम नागरिकों को हो रही असुविधा से राहत मिल सके।

पार्कों और स्ट्रीट लाइटों की शिकायतों का 72 घंटे में होगा समाधान:--

बैठक में शहर की बंद पड़ी पार्क लाइटों और स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया गया। नगर निगम ने इसके लिए एक विशेष WhatsApp शिकायत नंबर जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर खराब लाइटों की शिकायत दर्ज करवा सकेंगे और शिकायतों का समाधान 72 घंटे के भीतर करवाने का प्रयास किया जाएगा।

इससे आने वाले त्योहारों के दौरान शहरवासियों को अंधेरे और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

**मेयर और नगर निगम कमिश्नर का जताया आभार**

पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने इन सभी जनहित के फैसलों के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर का तहेदिल से धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से पानी के बकाया बिलों के लिए किस्तों की सुविधा और विशेष कैंप लगाने के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांवों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने छठ पूजा के बजट को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख करने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि छठ पूजा लाखों लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है। नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए उठाया गया यह कदम सराहनीय है।

जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि नगर निगम की नीतियां और फैसले आम जनता की जरूरतों के अनुरूप हों तथा शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक वर्ग को समान सुविधाएं मिलें। जनहित के मुद्दों को वे भविष्य में भी नगर निगम की बैठकों में मजबूती से उठाते रहेंगे।

Paras Health Ranked 3rd Among India’s Leading Multispecialty Hospital Groups – Times Now Hospital Survey 2026

By 121 News
Panchkula, Oct.30, 2026:- पारस हेल्थ ने 'टाइम्स नाउ हॉस्पिटल सर्वे 2026' में भारत के मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल समूहों की राष्ट्रीय रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया है। 'टाइम्स नाउ' द्वारा 'रिसर्च एंड इनसाइट्स' के सहयोग से आयोजित इस सर्वे में मिली यह उपलब्धि पारस हेल्थ को देश के प्रमुख प्राइवेट हेल्थकेयर समूहों में शामिल करती है। यह सर्वे देश के प्रमुख निजी अस्पतालों और हॉस्पिटल समूहों का मूल्यांकन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, विशेषज्ञ डॉक्टरों, आधुनिक तकनीक, अस्पताल के बुनियादी ढांचे, मरीजों के अनुभव, गुणवत्ता मानकों, मान्यता, शिक्षा और रिसर्च जैसे विभिन्न पैमानों पर करता है।

'ऑल इंडिया टॉप ग्रुप ऑफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल्स-नेशनल ग्रुप रैंकिंग 2026' में अस्पताल की अलग-अलग शाखाओं का स्वतंत्र मूल्यांकन करने के बजाय पूरे हॉस्पिटल समूह को एक इकाई के रूप में आंका गया है। इस श्रेणी में उन्हीं निजी अस्पताल समूहों को शामिल किया गया है, जिनकी कम से कम पांच शाखाओं में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं। पारस हेल्थ को मिली यह रैंकिंग समूह की चिकित्सा विशेषज्ञता, मरीज-केंद्रित सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उसकी उपस्थिति को दर्शाती है।

सर्वे के अन्य परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे। इनमें विभिन्न मेडिकल स्पेशलिटी, क्षेत्रों और शहरों के आधार पर अस्पतालों की रैंकिंग शामिल होगी। वहीं, राष्ट्रीय मल्टीस्पेशलिटी अस्पतालों की कैंपस-आधारित रैंकिंग 'टाइम्स नाउ इंडियन हेल्थ समिट 2026' में प्रस्तुत की जाएगी।
Uploaded Image

LG Electronics India Earns Great Place to Work® Certification for Third Consecutive Year

By 121 News 
Chandigarh, Oct.30, 2026:--LG Electronics India Limited (LGE India), one of the country’s leading consumer durables companies, has earned the prestigious Great Place to Work® Certification™ for the third consecutive year, reaffirming its commitment to building a workplace culture rooted in employee trust, engagement and well-being. The certification was awarded by Great Place to Work®, a global authority on workplace culture and employee experience, based on employee feedback through its Trust Index™ survey and an assessment of workplace culture. First certified in 2023, LGE India has continued to focus on enhancing employee experience, professional development and workplace inclusivity, helping attract top talent and strengthen shareholder confidence.
Commenting on the achievement, Hong Ju Jeon, Managing Director, LG Electronics India Ltd., said that our people are central to building a resilient organisation and delivering on our long-term ambitions. A culture rooted in trust, respect and collaboration enables employees to contribute their best and realise their potential.
Anurag Gupta, Executive Vice President, Great Place to Work India, said that this recognition is a powerful testament to LG Electronics India’s steadfast commitment to fostering a people-first workplace where individuals feel valued, accepted and empowered to bring their authentic selves to work.
LGE India’s workplace culture initiatives began in 2023 under the leadership of Jeon and Jwa Nam Kim, Chief Human Resources Officer, focusing on employee feedback, people-centric initiatives and family engagement. The company recently received the “National Best Employer Brand” award at the World HRD Congress and recognition as a “Top Organisation with Innovative HR Practices” at the Asia Pacific HRM Congress Awards. Kim was also honoured with the “Most Impactful HR Leader Award” and “Top HR Iconic Leader” titles for driving HR transformation and positioning people as strategic enablers of business growth.
Uploaded Image

Wednesday, 28 October 2026

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सभी 35 वार्डों में उम्मीदवार उतारेगी आपकी आवाज पार्टी, पांच प्रत्याशियों के नाम घोषित


By 121 News
Chandigarh, Oct.26, 2026:- चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर आपकी आवाज पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों का ऐलान करते हुए सभी 35 वार्डों में उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष प्रेम पाल चौहान ने सोमवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। उन्होंने भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों के शासन में नगर निगम में भ्रष्टाचार बढ़ा है और आम जनता के हितों की अनदेखी हुई है।
प्रेम पाल चौहान ने कहा कि आपकी आवाज पार्टी नगर निगम में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और शहरवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में जनता के टैक्स से प्राप्त धन का इस्तेमाल जनहित और विकास कार्यों के लिए होना चाहिए। इसके लिए निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों की खराब हालत, आवारा पशुओं की समस्या, बिजली-पानी से जुड़ी परेशानियां और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताएं जैसे मुद्दे सामने आते रहते हैं। पार्टी इन समस्याओं को चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी और इनके समाधान के लिए जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी।
पांच वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा
आपकी आवाज पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 13 से रोहित कुमार, वार्ड नंबर 14 से शाहनूर चौधरी, वार्ड नंबर 15 से प्रेम पाल चौहान, वार्ड नंबर 29 से ज्योति दत्त और वार्ड नंबर 31 से अर्पित गुप्ता शामिल हैं।
पार्टी अध्यक्ष प्रेम पाल चौहान ने कहा कि फिलहाल पांच वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। शेष वार्डों के प्रत्याशियों के नाम भी आगामी दिनों में घोषित किए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि पार्टी सभी 35 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली में बदलाव, भ्रष्टाचार के मुद्दे, विकास कार्यों में पारदर्शिता और शहरवासियों की बुनियादी समस्याओं के समाधान को अपनी चुनावी प्राथमिकताओं के रूप में प्रस्तुत किया। पार्टी का कहना है कि वह इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और नगर निगम चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
Uploaded Image