Saturday, 31 October 2026

भाजपा नेता संजीव वर्मा ने धनास की कच्ची कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक टालने की प्रशासन से की अपील

By 121 News
Chandigarh, Oct.31, 2026:-धनास स्थित कच्ची कॉलोनी को दिवाली के बाद हटाए जाने संबंधी समाचारों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता संजीव वर्मा ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक माननीय गुलाब चंद कटारिया से कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक टालने को लेकर उनको ईमेल तथा पत्र लिखकर यह विनम्र अनुरोध किया है।

संजीव वर्मा ने कहा कि कच्ची कॉलोनी में बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद परिवार अपने बच्चों के साथ रह रहे हैं। अचानक मकान खाली करवाने से इन परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो जाएगी। विशेष रूप से बच्चों की परीक्षाएं नजदीक हैं। यदि इस समय परिवारों को विस्थापित किया जाता है तो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सर्दियों का मौसम भी शुरू होने वाला है। ऐसे समय में गरीब परिवारों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के घरों से हटाना उनके लिए काफी मुश्किलें पैदा कर सकता है। इसलिए मानवीय एवं नैतिक आधार पर प्रशासन को मार्च 2027 तक का समय देना चाहिए।

भाजपा नेता ने यह भी मांग की कि प्रशासन द्वारा करवाए गए बायोमेट्रिक सर्वे के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के जो भी लाभार्थी पात्र पाए जाते हैं, उन्हें नियमानुसार मकान उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को बेघर न होना पड़े।

उन्होंने आगामी नगर निगम चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलोनी में रहने वाले पात्र मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक पात्र नागरिक को चुनाव में मतदान करने का अवसर मिलना चाहिए।

संजीव वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रशासन के किसी भी निर्णय का विरोध करना नहीं है, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक उचित समय और वैकल्पिक आवास व्यवस्था सुनिश्चित करवाना है।

अंत में उन्होंने माननीय राज्यपाल एवं प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से अपील की कि धनास कच्ची कॉलोनी को हटाने की कार्रवाई मार्च 2027 तक स्थगित करने तथा पात्र परिवारों के पुनर्वास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment