By 121 News
Chandigarh, Nov.25, 2026:-आयकर विभाग के उत्तर पश्चिम क्षेत्र (NWR) के 600 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बुधवार को आयकर भवन, सेक्टर-17ई, चंडीगढ़ स्थित प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त के कार्यालय के समक्ष लंबित विभागीय पदोन्नति समितियों (DPCs) के शीघ्र आयोजन की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया।
यह धरना आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ (ITGOA), NWR और आयकर कर्मचारी महासंघ (ITEF), NWR सर्किल की संयुक्त संघर्ष समिति (JCA) के बैनर तले आयोजित किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए ITGOA NWR के महासचिव तरुण अत्री और ITEF NWR सर्किल के महासचिव अरविंद डागर ने पिछले लगभग एक वर्ष से प्रशासन के साथ लगातार पत्राचार और अनेक बैठकों के बावजूद पदोन्नतियां लंबित रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस देरी के कारण पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को न केवल उनके वाजिब पदोन्नति एवं वित्तीय लाभों से वंचित होना पड़ा है, बल्कि उनकी भविष्य की पदोन्नति की संभावनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
धरने को संबोधित करने वाले सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट रहने और आगामी संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि यदि अब भी लंबित DPCs का आयोजन नहीं किया जाता है, तो JCA NWR आंदोलन को और तेज करते हुए हर संभव संघर्षात्मक कदम उठाएगी, जिसमें पूरे उत्तर पश्चिम क्षेत्र के सभी आयकर कार्यालयों में पूर्ण रूप से कामकाज ठप करना भी शामिल होगा।
JCA नेतृत्व ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी लंबित रिव्यू एवं नियमित DPCs को शीघ्र संपन्न कराने की मांग की, ताकि स्थिति को और बिगड़ने तथा आंदोलन को और तेज करने की नौबत न आए।
No comments:
Post a Comment