Sunday, 13 September 2026

चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका: ब्लॉक अध्यक्ष और जिला सचिव समेत सैकड़ों समर्थक आप में शामिल

By 121 News
Chandigarh, Sept.13, 2026:-आगामी नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। रविवार को वार्ड नंबर 7 में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विनय मिश्रा और जिला सचिव अजय शर्मा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग और आप चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह की अगुवाई में आयोजित इस जॉइनिंग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों ने पूरे उत्साह के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष हरदीप सिंह, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, कोर कमेटी अध्यक्ष प्रेम गर्ग और जनरल सेक्रेटरी ओंकार सिंह औलख समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वार्ड रिजर्वेशन के बाद राजनीतिक गतिविधियों के तेज होने के बीच इस जॉइनिंग को चंडीगढ़ की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। आप नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और उनके समर्थकों का पार्टी में शामिल होना इस बात का संकेत है कि शहर में आम आदमी पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

इस अवसर पर सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहित और ईमानदार राजनीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम चुनावों में चंडीगढ़ की जनता बदलाव के पक्ष में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

ओंकार सिंह औलख ने कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी का जनाधार शहर के हर वार्ड में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता बदलाव चाहती है। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि हर वार्ड की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाना और चंडीगढ़ को बेहतर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाना है।

आप नेताओं ने कहा कि वार्ड नंबर 7 में कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी में शामिल होना आने वाले नगर निगम चुनावों से पहले आप के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न वार्डों से और भी लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ेंगे।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment