Tuesday, 2 June 2026

श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर, सेक्टर-29 में 52वां वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव शुरू

By 121 News
Chandigarh, June 02, 202 6:- सेक्टर-29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सेवा मंडल द्वारा 52वें वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन 7 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बाबा बालक नाथ जी की पूजा-अर्चना, भजन संध्याएं तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मूर्ति स्थापना उत्सव के प्रथम दिन भगवान श्री बाबा बालक नाथ जी की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पंचामृत स्नान के साथ विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया गया। इसके उपरांत धूना पूजन संपन्न हुआ तथा श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बाबा जी की भव्य आरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

शाम को आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राजन राज एवं खुशप्रीत कौर ने बाबा बालक नाथ जी के सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने "पौणाहारिया सानूं प्यार तेरा चाहीदा", "रहमतां ने कीता ऐ कमाल जोगिया", "सोने दे सिंहासन ते आ के बह गए पौणाहारी", "तेरी मेहर जोगिया हो गई ऐ हुण मौजा ही मौजा" तथा "खाली न सानूं दरों मोड़ बाबा" सहित अनेक लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि 52वां वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव बाबा बालक नाथ जी की असीम कृपा एवं श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रतीक है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल बाबा जी की पूजा-अर्चना एवं धूना पूजन किया जाएगा, जबकि सायंकाल भव्य सिद्ध संध्या एवं भजन संध्याओं का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि 7 जून तक देश के विभिन्न राज्यों से प्रसिद्ध भजन गायक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे। प्रमुख कलाकारों में मिंटू टकरोला, लुधियाना से अश्वनी वर्मा, बिलासपुर से गौरव कौंडल, होशियारपुर से सोनू सैनी, चंडीगढ़ से पंकज शर्मा तथा जगाधरी से अमरजीत शर्मा शामिल हैं।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment