By 121 News
Chandigarh, Feb.27, 2026:- चंडीगढ़ की पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास अपने साथियों सहित चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी से मुलाकात कर उनका धन्यवाद करने पहुँचीं। कमलेश बनारसी दास ने बताया कि जनवरी माह में उन्होंने सांसद मनीष तिवारी जी के समक्ष यह गंभीर मुद्दा उठाया था कि चंडीगढ़ के कई सरकारी स्कूलों में टीचर और स्थायी प्रिंसिपल नहीं हैं, जिसके कारण स्कूलों का संचालन प्रभावित हो रहा है और बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
सांसद मनीष तिवारी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा सचिव श्रीमती प्रेरणा पुरी जी से मुलाकात कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन स्कूलों में प्रिंसिपल और शिक्षक नहीं हैं, वहां जल्द से जल्द नियुक्तियाँ की जाएँ।
कमलेश बनारसी दास ने भी अपने साथियों सहित शिक्षा सचिव और चीफ सेक्रेटरी से कई बार मुलाकात कर इस मुद्दे को लगातार उठाया। उनके प्रयासों और सांसद मनीष तिवारी जी की पहल से अब सकारात्मक परिणाम सामने आया है। चंडीगढ़ के 9 नए प्रिंसिपलों को प्रमोट किया गया है, जिससे उन सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपल की कमी पूरी हुई है जहाँ यह पद खाली थे। चंडीगढ़ में कुल 42 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं, जिनमें से 9 स्कूलों में प्रिंसिपल नहीं थे।
कमलेश बनारसी दास ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा कोई भी मुद्दा उनके लिए सर्वोपरि है और आगे भी वे शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवाज उठाती रहेंगी।
इस अवसर पर उनके साथ उदेश पोहल, सुरिंदर बनारसी दास (प्रधान, अखिल भारतीय बैरवा महासभा पंजाब-चंडीगढ़), बृज मोहन मीना और बहादुर सिंह नागर भी मौजूद रहे। सभी ने सांसद मनीष तिवारी का आभार व्यक्त किया।
No comments:
Post a Comment