Sunday, 22 November 2026

चंडीगढ़ के एक भी मुद्दे पर न बोलकर नबीन ने मान ली भाजपा की हार: कांग्रेस

By 121 News
Chandigarh, Nov.22, 2026:-चंडीगढ़ कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज यहां सैक्टर 27 में एक जनसभा में चंडीगढ़ के मुद्दों पर पूरी तरह चुप्पी साधकर साफ कर दिया है कि भाजपा नगर निगम चुनाव में पहले ही हार मान चुकी है।

चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने नितिन नबीन से 13 सीधे सवाल पूछे थे। वह आए, भाषण दिया और चले गए, पर एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। उनके पूरे भाषण में चंडीगढ़ और यहां के लोगों के लिए एक शब्द तक नहीं था। 11 साल के भाजपा कुशासन से बेहाल शहर के लिए उन्होंने कोई रोडमैप नहीं दिया। न कोई योजना, न कोई प्रोजेक्ट, न कोई वादा।

भाजपा अध्यक्ष के भाषण पर तंज कसते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि नबीन कभी नाकाम मोदी सरकार के गुणगान में लगे रहे, तो कभी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बेबुनियाद हमले करते रहे। दूसरों को पार्ट-टाइम नेता कहने वाले नबीन खुद चंडीगढ़ के पार्ट-टाइम मेहमान निकले, जिन्हें भाजपा राज में बर्बाद होते इस शहर की रत्ती भर भी चिंता नहीं है। जिस शहर में वोट मांगने आए, उसका एक भी मुद्दा जो पार्टी अध्यक्ष न गिना सके, वह मैदान छोड़ चुका है।

शर्मा ने कहा कि पुनर्वास कॉलोनियों में मालिकाना हक की जिस नीति का भाजपा ढिंढोरा पीट रही है, उसका श्रेय लेने की हिम्मत भी भाजपा अध्यक्ष नहीं जुटा पाए। वह जानते हैं कि यह कॉलोनी वासियों की आंखों में धूल झोंकने वाली छलावा नीति है, जिससे उन्हें रत्ती भर फायदा नहीं होगा। वह यह भी जानते हैं कि यह अधिसूचना ज़मीन पर लागू ही नहीं हो सकती। इसीलिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इससे कन्नी काट गए।

नबीन की चुप्पी को उनका कबूलनामा बताते हुए शर्मा ने कहा कि ₹609 करोड़ के चुनावी बॉन्ड देने वाले समूह को ₹20,000 करोड़ से अधिक का बिजली विभाग सिर्फ ₹871 करोड़ में सौंपने पर कोई जवाब नहीं। भाजपा मेयरों के राज में निगम की ₹448 करोड़ की एफडी साफ होने पर कोई जवाब नहीं। ₹340 करोड़ के कथित फ्रॉड और ₹116 करोड़ की फर्जी एफडीआर पर कोई जवाब नहीं। बिना चर्चा पास कराए गए ₹240 करोड़ के प्रस्तावों, ठप पड़ी 24x7 जल परियोजना के ₹412 करोड़ के कर्ज़ और मनीमाजरा की प्राइम ज़मीन औने-पौने दाम पर बेचने पर भी कोई जवाब नहीं। तिगुने टैक्स, टूटी सड़कों, ज़हरीली हवा, मेट्रो से इनकार, लाल डोरा, चेतन मुंजाल और अनिल मसीह के 'लोकतंत्र की हत्या' कांड पर भी कोई जवाब नहीं।

उन्होंने कहा कि 13 सवाल और 13 बार चुप्पी। जब भाजपा के सबसे बड़े नेता के पास चंडीगढ़ से कहने को कुछ नहीं है, तो चंडीगढ़ के पास भी भाजपा को देने के लिए कुछ नहीं बचा। नितिन नबीन जो जवाब देने से डर गए, वह जवाब 23 दिसंबर को चंडीगढ़ की जनता देगी।

No comments:

Post a Comment