By 121 News
Chandigarh, Nov.20, 2026:-उद्योग व्यापार मंडल, चंडीगढ़ के अध्यक्ष कैलाश जैन ने चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक से बनी विभिन्न वस्तुओं पर प्रतिबंध के नियमों को सख्ती से लागू करने तथा उल्लंघन करने पर दुकानों को सील करने और बिजली-पानी के कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई के प्रावधानों पर चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि शहर में इन वस्तुओं पर पहले से ही प्रतिबंध लागू है। ऐसे में दोबारा प्रतिबंध लगाने और कठोर कार्रवाई की चेतावनी देने का औचित्य समझ से परे है। प्रशासन को यह बताना चाहिए कि अब तक लागू प्रतिबंधों का कितना पालन हुआ और उसके अपेक्षित परिणाम क्यों नहीं मिले।
कैलाश जैन ने कहा कि हम भी पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के पूरी तरह पक्षधर हैं, लेकिन जब तक प्रतिबंधित वस्तुओं के स्थान पर उचित, किफायती और आसानी से उपलब्ध विकल्प बाजार में नहीं दिए जाते, तब तक इन नियमों का व्यावहारिक क्रियान्वयन संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को केवल दुकानदारों पर कार्रवाई करने के बजाय सबसे पहले इन वस्तुओं का उत्पादन और आपूर्ति बंद करवानी चाहिए। जब उत्पादन ही बंद हो जाएगा तो धीरे-धीरे इन वस्तुओं का बाजार में आना और इस्तेमाल अपने आप बंद हो जाएगा। आखिरकार दुकानदार वही सामान बेचने को मजबूर होता है जो निर्माता और सप्लायर उसे उपलब्ध करवाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार अधिकारी जमीनी परिस्थितियों और नियमों के वास्तविक प्रभाव को समझे बिना केवल कागजी खानापूर्ति के लिए आदेश जारी कर देते हैं। किसी भी कानून या नियम का उद्देश्य लोगों की सुविधा और जनहित होना चाहिए, न कि आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों को परेशान करना।
कैलाश जैन ने चंडीगढ़ के प्रशासक से अपील की कि इस मामले में कोई भी कठोर कदम उठाने से पहले व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक की जाए, प्रतिबंधित वस्तुओं के उत्पादन एवं आपूर्ति पर रोक लगाई जाए और उनके व्यावहारिक विकल्प बाजार में उपलब्ध करवाए जाएं। प्रशासन को कागजी कार्रवाई के बजाय जमीनी स्तर पर समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
No comments:
Post a Comment