By 121 News
Panchkula, Nov.27, 2026:-मानवीय मूल्यों, नैतिकता, आत्मिक ज्ञान और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा पंचकूला में ‘समभाव समदृष्टि के निःशुल्क स्कूल’ का शुभारंभ 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस विशेष पहल के माध्यम से समाज के हर आयु वर्ग के लोगों को समभाव, सकारात्मक सोच और सजन भाव के अनुसार जीवन जीने की कला से परिचित करवाया जाएगा।
इसका शुभारंभ समारोह रविवार को शाम 4 बजे सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सतयुग दर्शन ट्रस्ट के संस्थापक के अलावा ललित बत्रा, चेयरपर्सन, हरियाणा मानवाधिकार आयोग एवं पूर्व उच्च न्यायालय न्यायाधीश, पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल और सेक्टर-21 के पार्षद दीपक गर्ग सहित अन्य गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
समारोह के दौरान ट्रस्ट के स्वयंसेवकों द्वारा विशेष सांस्कृतिक नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके माध्यम से समभाव और समदृष्टि के महत्व, वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता तथा व्यक्ति और समाज के जीवन में मानवीय मूल्यों की भूमिका को दर्शाया जाएगा।
सतयुग दर्शन ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रहकर लोगों को आत्मिक ज्ञान, आत्मचिंतन, तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन में शांति एवं संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है। स्कूल में हर आयु और वर्ग के लोगों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें।
ट्रस्ट के अनुसार, वर्तमान समय में भौतिक प्रगति के साथ मानवीय मूल्यों और आत्मिक विकास पर ध्यान देना भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ यह स्कूल लोगों को जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने और समभाव-समदृष्टि की युक्ति अपनाकर जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा। सतयुग दर्शन ट्रस्ट की पंचकूला सेंटर इंचार्ज जया अहूजा ने शहरवासियों से इस शुभारंभ समारोह में शामिल होने और इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment