Saturday, 21 November 2026

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से कांग्रेस ने पूछे 13 सवाल, 11 साल के कुशासन का मांगा हिसाब



By 121 News
Chandigarh, Nov.21, 2026:- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के चंडीगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए उनसे 13 तीखे सवाल पूछे हैं।

चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि 11 साल के भाजपा राज ने सिटी ब्यूटीफुल को सिटी ऑफ स्कैम्स बना दिया है। कभी सैकड़ों करोड़ की एफडी वाला निगम आज इतना कंगाल है कि सड़कों और स्ट्रीटलाइटों तक के पैसे नहीं बचे।
राजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ को चारागाह समझकर चरा है। जनता की अरबों की संपत्ति चहेतों को कौड़ियों के भाव लुटाई, टैक्स तिगुने करके जनता की जेब काटी, और बदले में दीं गड्ढों वाली सड़कें, अंधेरी गलियां, उजड़े पार्क, ट्रैफिक जाम और ज़हरीली हवा। तिजोरी लुटती रही, सीबीआई चार्जशीट दाखिल हुई, पर किसी भाजपाई पर आंच नहीं आई, क्योंकि पूरा सिस्टम भाजपा का था। हर टूटी सड़क, हर बुझी स्ट्रीटलाइट और हर घुटती सांस पूछ रही है: हिसाब कौन देगा?
नितिन नबीन को खुली चुनौती देते हुए शर्मा ने कहा कि नबीन जी, हिम्मत है तो इन 13 सवालों का सामना कीजिए।
शर्मा ने पूछा कि चुनावी बॉन्ड में ₹609 करोड़ झोंकने वाले समूह को ₹20,000 करोड़ से अधिक आंकी गई संपत्ति वाला बिजली विभाग सिर्फ ₹871 करोड़ में, यानी 4% पर क्यों सौंपा गया? क्या यही 'चंदा दो, धंधा लो' की भाजपाई नीति है?
उन्होंने कहा कि वित्त आयोग ने 2014 में UT की आय में निगम का हिस्सा 30% करने की सिफारिश की थी। 12 साल से यह फाइल किसने दबा रखी है?
शर्मा ने सवाल किया कि 2013-14 में निगम के पास ₹448 करोड़ की एफडी थी, जो भाजपा मेयरों के राज में 2019 तक साफ हो गई। जनता की यह गाढ़ी कमाई किसने उड़ाई?
उन्होंने कहा कि ₹340 करोड़ के कथित फ्रॉड में सीबीआई चार्जशीट दाखिल हुई और निगम के रिकॉर्ड में ₹116 करोड़ की फर्जी एफडीआर मिलीं। खज़ाना भाजपा की निगरानी में लुटा, तो किसी भाजपा नेता की जवाबदेही क्यों तय नहीं हुई?
कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा कि ₹240 करोड़ के 16 प्रस्ताव बिना चर्चा के क्यों पास करवाए गए? चुनाव से ठीक पहले यह जल्दबाज़ी किस-किस भाजपा नेता के फायदे के लिए थी?
और फिर 24x7 जल परियोजना के नाम पर जनता के सिर ₹412 करोड़ का विदेशी कर्ज़ मढ़ने का समझौता हुआ। भ्रष्टाचार के आरोपों और विजिलेंस जांच के बीच परियोजना ठप हो गई, पर किसी भाजपा नेता पर आंच तक नहीं आई। क्यों?
उन्होंने पूछा कि मनीमाजरा की प्राइम ज़मीन औने पौने 2017 के रेट से भी सस्ते में बेचने की जल्दी क्यों है? किस बिल्डर पर यह मेहरबानी हो रही है?
शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी टैक्स तिगुना और पानी के बिल 200% तक महंगे कर दिए। जनता की जेब काटकर बदले में टूटी सड़कें और ज़हरीली हवा क्यों दी गई?
उन्होंने कहा कि लोकसभा में भाजपा सरकार ने चंडीगढ़ मेट्रो पर सीधा 'नहीं' लिख दिया। चंडीगढ़ से इतनी नफरत क्यों?
शर्मा ने पूछा कि व्यापारिक-औद्योगिक संपत्तियां फ्रीहोल्ड नहीं की गईं, लाल डोरा न खत्म किया, न बढ़ाया, और उसके बाहर बने मकान नियमित नहीं किए। गांवों और उद्योग-धंधों के साथ यह अन्याय क्यों?
उन्होंने कहा कि लोकसभा में पुनर्वास कॉलोनियों को मालिकाना हक से साफ इनकार करने वाली भाजपा सरकार ने चुनावी दबाव में नियम तो बनाए, पर शर्तें ऐसी लगाईं कि करीब 90% मकानों के निवासी बाहर हो गए। गरीबों के साथ यह छलावा क्यों?
शर्मा ने सवाल किया कि ₹261 करोड़ की ठगी में ईडी के हाथों गिरफ्तार चेतन मुंजाल का भाजपा में स्वागत किसने किया? उसके भाजपाई संरक्षकों के चेहरे कब बेनकाब होंगे?
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिस मेयर चुनाव कांड को 'लोकतंत्र की हत्या' कहा, उसके किरदार भाजपा के अनिल मसीह थे, जिन्होंने चंडीगढ़ को पूरी दुनिया में बदनाम किया। भाजपा माफी कब मांगेगी?
राजीव शर्मा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि नबीन जी, आप चंडीगढ़ में मालाएं पहनने आ रहे हैं या जवाब देने? चुप रहे, तो जनता समझ जाएगी कि भाजपा के पास जवाब नहीं, सिर्फ जुमले हैं। जवाब दीजिए, वरना 23 दिसंबर को चंडीगढ़ की जनता भाजपा से एक-एक पाई का हिसाब लेकर जवाब देगी।

No comments:

Post a Comment