By 121 News
Panchkula, Sept.19, 2026:- पारस हेल्थ पंचकूला में सेंट्रल नर्वस सिस्टम को प्रभावित करने वाले दोबारा उभरे तीव्र लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया से पीड़ित 25 वर्षीय युवक का सी ए आर-टी सेल थेरेपी के माध्यम से सफल उपचार किया गया। मरीज में बीमारी दोबारा उभरने के साथ सेंट्रल नर्वस सिस्टम भी प्रभावित हुआ था।
अप्रैल 2024 में 23 वर्ष की उम्र में मरीज में पीएच-नेगेटिव तीव्र लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया का पता चला था। बी एफ एम उपचार पद्धति के तहत कीमोथेरेपी के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और शरीर में बची हुई कैंसर कोशिकाओं की जांच में भी कोई बीमारी नहीं मिली। मई 2026 में मरीज को तेज सिरदर्द, चक्कर और उल्टी की शिकायत होने लगी। जांच में ल्यूकेमिया के सेंट्रल नर्वस सिस्टम तक फैलने की पुष्टि हुई। मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास मौजूद द्रव की जांच में बी-कोशिकाएं पाई गईं। गहन कीमोथेरेपी और रीढ़ की हड्डी के आसपास के द्रव में दिए गए उपचार के बावजूद बीमारी दोबारा उभर गई। इसके बाद विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने सी ए आर-टी सेल थेरेपी का विकल्प चुना।
अगस्त 2026 में मरीज की लिम्फोसाइट एफेरेसिस प्रक्रिया की गई, जिसके माध्यम से रक्त से आवश्यक प्रतिरक्षा कोशिकाएं एकत्र की गईं। इन कोशिकाओं में आवश्यक आनुवंशिक बदलाव कर उन्हें कैंसर कोशिकाओं को पहचानकर उन पर हमला करने के लिए तैयार किया गया। उपचार से पहले मरीज को साइक्लोफॉस्फेमाइड और फ्लूडाराबाइन के साथ तैयारी कीमोथेरेपी दी गई और इसके बाद सी ए आर-टी कोशिकाएं शरीर में दी गईं। आवश्यक निगरानी के बाद मरीज को 10 सितंबर 2026 को स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पारस हेल्थ पंचकूला के रक्त रोग एवं रक्त कैंसर विभाग के निदेशक डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि सेंट्रल नर्वस सिस्टम से जुड़े दोबारा उभरे ल्यूकेमिया का उपचार चुनौतीपूर्ण होता है। इस मामले में सी ए आर-टी सेल थेरेपी एक उन्नत उपचार विकल्प साबित हुई। उपचार के बाद मरीज की स्थिर स्थिति उसके इलाज में महत्वपूर्ण प्रगति है।
पारस हेल्थ पंचकूला के फैसिलिटी डायेरक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा कि जटिल रक्त कैंसर के उपचार में विशेष चिकित्सकीय विशेषज्ञता, आधुनिक उपचार सुविधाओं और विभिन्न चिकित्सकीय टीमों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। अस्पताल में जटिल और दोबारा उभरने वाले रक्त कैंसर के मरीजों के लिए आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
No comments:
Post a Comment