By 121 News
Chandigarh, Aug.10,2026:- सावन के पवित्र एवं धार्मिक महीने के उपलक्ष्य में सनातन मित्र मंडली, धनास द्वारा महाशिवपुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं, श्रद्धालुओं एवं विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाशिवपुराण कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य तिलक मनी जी द्वारा किया जा रहा है। कथा 9 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत 19 अगस्त को पूर्ण महाआहुति एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कथा के प्रथम दिन चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कथा वाचक आचार्य तिलक मानी जी ने सावन मास के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन धर्म में सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। इस महीने में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, पूजन एवं महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते हैं। मान्यता है कि सावन मास में श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव की आराधना करने से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है।उन्होंने कहा कि सावन मास भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना का विशेष अवसर है। इस महीने में सोमवार का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु व्रत रखकर, शिवलिंग पर जल एवं बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव की पूजा करते हैं। सावन हमें भक्ति, संयम, सेवा और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है।
सनातन मित्र मंडली के महासचिव संजीव वर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाना तथा समाज में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सेवा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से महाशिवपुराण कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सनातन मित्र मंडली के प्रधान तेजेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष ललित शर्मा, केवल सिंह, सुमित शर्मा, हरिश सिंह, प्रशांत राय, अजय भाटिया, स्वर्ण सिंह, भवान सिंह, नवीन नौटियाल, बाबू राम एवं रतन स्याल सहित मंडली के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment