Sunday, 30 August 2026

भाजपा से जुड़े 200 से अधिक युवाओं ने छोड़ी भाजपा, एच.एस. लक्की और सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल

By 121 News
Chandigarh, Aug.30, 2026:-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को आज उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली जब शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 200 युवाओं ने भाजपा से जुड़े युवा नेता प्रिंस राणा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया।
इन युवाओं को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की और चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। सभी नए सदस्यों का कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा, सचिन गालव, संदीप गुर्जर, अछैलाल मैरी  सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवाओं का कांग्रेस में स्वागत करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि शहर के लोग बदलाव की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं की आवाज बनी है और उनके अधिकारों, रोजगार, शिक्षा तथा बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष करती रही है। आज जिस प्रकार देश में बेरोजगारी एक गंभीर चुनौती बन चुकी है और युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, उससे युवाओं में निराशा बढ़ी है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस की विचारधारा और संघर्ष से जुड़ रहे हैं।
एच.एस. लक्की ने कहा कि हाल ही में युवाओं और छात्रों से जुड़े आंदोलनों में जिस प्रकार की कार्रवाई देखने को मिली, उससे देश के युवाओं में चिंता पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज को मजबूती देने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों को देखते हुए युवाओं की यह भागीदारी पार्टी संगठन को और मजबूत करेगी। कांग्रेस पहले ही शहर में भाजपा के एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है और युवाओं के जुड़ने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस अवसर पर चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने नए साथियों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि युवा किसी भी समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि वे देश और शहर के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को अवसर, सम्मान और भागीदारी देने की पक्षधर रही है। आज जब रोजगार, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, ऐसे समय में युवाओं का कांग्रेस के साथ आना सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चंडीगढ़ के विकास, युवाओं के बेहतर भविष्य और आम जनता के अधिकारों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि युवाओं का यह जुड़ाव पार्टी के बढ़ते जनाधार और शहर में कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment