By 121 News
Chandigarh, June 06, 2026:-पंजाब विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सी.डी.ओ.ई.) के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई एक आकर्षक फोटोग्राफी प्रदर्शनी का उद्घाटन पंजाब विश्वविद्यालय के स्टूडेंट सेंटर में किया गया। यह प्रदर्शनी भारत के विश्व प्रसिद्ध एवं दिवंगत फोटोग्राफर रघु राय को समर्पित थी, जिनके भारतीय फोटोग्राफी और विजुअल स्टोरीटेलिंग के क्षेत्र में असाधारण योगदान ने विश्वभर में अनेक पीढ़ियों के फोटोग्राफरों को प्रेरित किया है।
एडवांस्ड डिप्लोमा इन फोटोग्राफी (ए.डी.पी.) के 12 विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई 35 फोटोग्राफिक कृतियाँ प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गईं, जो प्रकृति, पर्यावरण, भावनाओं, संस्कृति और समकालीन जीवन से संबंधित प्रभावशाली दृश्य कथाओं को प्रस्तुत करती हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि स्वदेश तलवार, कंसल्टेंट, एक्सप्रेस आर्काइव एवं सी.एस.आर. तथा पूर्व मुख्य फोटो संपादक, द इंडियन एक्सप्रेस, चंडीगढ़ द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर प्रो. हर्ष गांधार, निदेशक, सी.डी.ओ.ई., पंजाब विश्वविद्यालय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में स्वदेश तलवार ने विद्यार्थियों की कलात्मक दृष्टि और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि फोटोग्राफी भावनाओं, स्मृतियों और वास्तविकताओं को संजोने का ऐसा माध्यम है, जिसे कई बार शब्द भी अभिव्यक्त नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियाँ युवा फोटोग्राफरों को अपनी प्रतिभा को सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शित करने और व्यावसायिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर प्रो. हर्ष गांधार ने कहा कि फोटोग्राफी संचार का एक सशक्त माध्यम है, जो विद्यार्थियों को सामाजिक वास्तविकताओं को संवेदनशीलता और रचनात्मक दृष्टिकोण से समझने, देखने और प्रलेखित करने में सक्षम बनाती है। उन्होंने कहा कि सी.डी.ओ.ई. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी कृतियाँ कलात्मक उत्कृष्टता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में डॉ. मनेश्वर सिंह कोंडल, जो कोडक और कोनिका की प्रोफेशनल प्रोडक्ट्स डिवीजन एवं टेक्निकल सर्विसेज में वरिष्ठ पदों पर सेवाएँ दे चुके हैं, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ने विद्यार्थी कलाकारों से संवाद किया और प्रदर्शित कृतियों की गुणवत्ता, नवीनता तथा रचनात्मकता की सराहना की।
यह प्रदर्शनी एडवांस्ड डिप्लोमा इन फोटोग्राफी कार्यक्रम के व्यावहारिक पाठ्यक्रम का हिस्सा है तथा इसका संयोजन जीसस जसकंवर सिंह, सहायक प्राध्यापक (शिक्षा) एवं समन्वयक-सह-प्रभारी, एडवांस्ड डिप्लोमा इन फोटोग्राफी, सी.डी.ओ.ई., पंजाब विश्वविद्यालय द्वारा किया गया।
प्रदर्शनी में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में रणजीत सिंह, रीतू बरकी, अर्शदीप सिंह, जसलीन कौर, श्यामली ठाकुर, राहुल सैनी, चरणजीत कौर, कनिका, मनप्रीत कौर, राम सिंह यादव, विकास तथा अप्पालापुरम मुनी राम श्रीपाधा शामिल हैं। उनकी कृतियों में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी, प्राकृतिक दृश्य, स्ट्रीट फोटोग्राफी, फोटो पत्रकारिता, नाइट फोटोग्राफी तथा फाइन आर्ट फोटोग्राफी जैसी विविध विधाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
पर्सनल कॉन्टैक्ट प्रोग्राम (पी.सी.पी.) के दौरान विद्यार्थियों को फोटोग्राफी एवं विजुअल आर्ट्स क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों से मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इनमें श्री स्वदेश तलवार, डॉ. मनेश्वर सिंह कोंडल, माइकलएंजेलो फ्रांसिस, गौरव शोनिक, दीपक अरोड़ा, अमित त्यागी, अखिलेश कुमार, जतिंदर कंबोज, गगनदीप सिंह, तरसेम सिंह, कुलभूषण कंवर, विकास काहोल, डॉ. प्रदीप तिवारी, शिवाली राज, अभिनव पूनिया, मनदीप सिंह, अरुण बंसल, डॉ. अभिजीत सिंह, सतीश वर्मा, हरप्रीत सिंह पाहवा और प्रवीण जग्गी सहित अनेक प्रतिष्ठित पेशेवर शामिल हैं।
इस प्रदर्शनी को विद्यार्थियों, शिक्षकों, फोटोग्राफी प्रेमियों और आगंतुकों से भरपूर सराहना और उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। उपस्थित दर्शकों ने प्रदर्शित कृतियों की रचनात्मकता, तकनीकी उत्कृष्टता और प्रभावशाली दृश्य कथन शैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
यह प्रदर्शनी सी.डी.ओ.ई. द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने और फोटोग्राफी को एक प्रभावशाली संचार माध्यम के रूप में विकसित करने के प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह प्रदर्शनी 6 से 13 जून, 2026 तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। रविवार को प्रदर्शनी बंद रहेगी। वर्तमान में यह पाठ्यक्रम भारत में केवल पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ और पुदुच्चेरी विश्वविद्यालय द्वारा ही संचालित किया जा रहा है, जिससे यह देश का एक विशिष्ट शैक्षणिक कार्यक्रम बन गया है।
इस अवसर पर पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के शिक्षा विभाग की प्रोफेसर डॉ. लतिका शर्मा तथा चंडीगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री सौरभ दुग्गल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment