Wednesday, 24 June 2026

मोदी सरकार का शिक्षा मॉडल फेल धर्मिंदर, प्रधान इस्तीफा दें: लक्की मोदी सरकार का शिक्षा मॉडल पूरी तरह विफल, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय किया: पार्षद दमनप्रीत सिंह

By 121 News
Chandigarh, June 24, 2026:-देश में बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रहे घोटालों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आज वार्ड नंबर 17 के पार्षद दमनप्रीत सिंह द्वारा बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी द्वारा कोटा में छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए दिए गए संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया तथा राहुल गांधी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। उपस्थित युवाओं ने बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि आज देश का युवा दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और दूसरी ओर मोदी सरकार द्वारा लागू किया गया शिक्षा मॉडल पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक ने लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों को बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और घोटाले यह साबित करते हैं कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में पूरी तरह असफल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों नौकरियां देने के वादे किए थे, लेकिन आज शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस विफलता के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की ।

पार्षद दमनप्रीत सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। कोटा में उनके द्वारा दिए गए संदेश को बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और उनके अधिकारों के प्रति एक व्यापक जनजागरण अभियान चलाना है।

उन्होंने कहा कि आज देश का युवा रोजगार, बेहतर शिक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रणाली की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और उनके हकों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय जोशी, महेश शर्मा, विषु दुग्गल, पूजा घई सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment