By 121 News
Mohali, May 29, 2026:-भारतीय शास्त्रीय कला के प्रचार-प्रसार, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित संस्था प्राचीन कला केंद्र पिछले सात दशकों से निरंतर कला एवं संस्कृति की सेवा में सक्रिय रूप से कार्यरत है। अपनी अथक मेहनत और समर्पित प्रयासों के माध्यम से केंद्र कला के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ स्थापित कर रहा है।
इसी श्रृंखला के अंतर्गत केंद्र द्वारा अपने मोहाली परिसर स्थित डॉ. शोभा कोसर ऑडिटोरियम में सूफियाना कलामों से सजी एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. शोभा कोसर, रजिस्ट्रार, प्राचीन कला केंद्र तथा एस. चौधरी, अध्यक्ष, सीनियर सिटीजन एसोसिएशन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहर के बहुमुखी एवं प्रतिभाशाली कलाकार डॉ. जसबीर सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हज़रत सुल्तान बाहू के प्रसिद्ध कलाम “अलिफ अल्लाह” से हुआ, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके पश्चात बाबा बुल्ले शाह का प्रसिद्ध कलाम “भावें तू जान ना जान वे” प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके बाद डॉ. जसबीर सिंह ने मशहूर सूफी कवि शाह हुसैन के सुंदर कलाम “माए नी मैं किनूं आखां” की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में आगे उन्होंने मियां मोहम्मद बख्श के सूफियाना कलाम “सैफ-उल-मलूक” को भी अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
संगीतमय शाम को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लोकप्रिय लोक एवं सूफी गीत “मैं जाना जोगी दे नाल” सहित अनेक प्रसिद्ध सूफी और लोक गीत प्रस्तुत किए, जिन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकार का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. जसबीर सिंह को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं कला के क्षेत्र में योगदान के लिए प्राचीन कला केंद्र द्वारा “सुरमणि सम्मान” से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलाकार का रहमत सिद्धू ने तबले पर, गुरदीप सिंह ने बांसुरी पर तथा अमन कुमार ने सारंगी पर शानदार साथ दिया। वहीं अनीकेत और वरिंदर विक्की ने बैक वोकल सपोर्ट प्रदान किया। सभी संगत कलाकारों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
यह सूफियाना संध्या श्रोताओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई और एक बार फिर प्राचीन कला केंद्र की भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से स्थापित कर गई।
No comments:
Post a Comment