Saturday, 25 April 2026

सेक्टर-36 कॉलेज क्षेत्र में गाड़ियों का हुड़दंग:  पुलिस प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा जनाक्रोश

By 121 News
Chandigarh, Apr.25, 2026:-शहर के सेक्टर-36 स्थित कॉलेज क्षेत्र के आसपास देर शाम और रात के समय गाड़ियों का लगातार चक्कर लगाना, तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना, ऊंची आवाज में गाने बजाना, बेवजह हॉर्न बजाना और सड़कों पर हुड़दंग मचाना अब आम बात बन चुकी है। इस लगातार बढ़ रही अव्यवस्था से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस की निष्क्रियता ने लोगों की नाराजगी को और बढ़ा दिया है।

क्षेत्र के पार्षद जसवीर सिंह बंटी  ने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित एरिया थाना प्रभारी को सूचित किया, बार-बार ध्यान आकर्षित करवाया, लेकिन इसके बावजूद न तो नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई गई और न ही हुड़दंग मचाने वालों पर कोई सख्त कार्रवाई देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली के कारण कुछ शरारती तत्व रात के समय गाड़ियों में इलाके के चक्कर लगाते हैं, तेज म्यूजिक बजाते हैं और पूरे क्षेत्र का माहौल खराब करते हैं।

निवासियों के अनुसार, कॉलेज क्षेत्र के आसपास यह समस्या अब केवल शोर-शराबे तक सीमित नहीं रही, बल्कि इससे महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है। रात के समय लगातार गाड़ियों की आवाजाही और तेज ध्वनि प्रदूषण के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ईमेल के माध्यम से भी भेजी जा चुकी है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि शिकायतों के बाद भी जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे साफ प्रतीत होता है कि स्थानीय पुलिस प्रशासन इस जनसमस्या को गंभीरता से लेने के बजाय आंखें मूंदे बैठा है।

इसी मुद्दे को लेकर सेक्टर-42 के कम्युनिटी सेंटर में स्थानीय निवासियों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान निवासियों ने सेक्टर-36 कॉलेज क्षेत्र में गाड़ियों के अनावश्यक चक्कर, शोर-शराबे और पुलिस की निष्क्रियता का मुद्दा उनके सामने प्रमुखता से उठाया।

स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद सांसद मनीष तिवारी ने आश्वासन दिया कि वह इस पूरे मामले को चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक के समक्ष उठाएंगे और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग करेंगे।

लगातार शिकायतों, पार्षद की पहल, निवासियों के रोष और सांसद स्तर पर मामला पहुंचने के बाद अब शहरवासियों की निगाहें चंडीगढ़ पुलिस पर टिकी हैं। बड़ा प्रश्न यह है कि आखिर कब तक सेक्टर-36 के लोग गाड़ियों के इस हुड़दंग, शोर और पुलिस की चुप्पी का सामना करते रहेंगे

No comments:

Post a Comment