Thursday, 26 February 2026

भारतीय मज़दूर संघ ने किया रोष प्रदर्शन: चंडीगढ़ उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री के नाम ज्ञापन पत्र किया प्रेषित

By 121 News
Chandigarh, Feb.26, 2026:---भारतीय मज़दूर संघ के आह्वान पर पूरे भारत में रोष प्रदर्शन आयोजित किए गए । इसी क्रम में भारतीय मज़दूर संघ, चंडीगढ़ की ओर से सैक्टर 17 में नगर निगम कार्यालय के निकट प्रभावशाली रोष प्रदर्शन किया गया ।
प्रदर्शन के उपरांत भारतीय मज़दूर संघ चंडीगढ़ की ओर से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा माननीय केंद्रीय मंत्री (श्रम एवं रोजगार) श्री मनसुख मांडविया को संबोधित महत्वपूर्ण मांग-पत्र चंडीगढ़ के उपायुक्त के माध्यम से प्रेषित किया गया ।

इस मांग-पत्र में देश भर के श्रमिकों से जुड़े गंभीर विषयों को सम्मिलित किया गया है जिनमें श्रम कानूनों का सभी क्षेत्रों तथा सभी श्रमिक वर्गों पर समान रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, श्रम संबंध संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कार्य दशा संहिता 2020 में श्रमिकों से संबंधित उठी चिंताओं का शीघ्र समाधान, त्रिपक्षीय तंत्र को सुदृढ़ करते हुए भारतीय श्रम सम्मेलन तथा विभिन्न स्थायी समितियों की नियमित बैठकों को सुनिश्चित करना, ई.पी.एस.-95 पेंशन को एक हज़ार रुपये से बढ़ाकर सात हज़ार पाँच सौ रुपये प्रतिमाह किए जाने तथा महंगाई राहत लागू करने की मांग, कर्मचारी राज्य बीमा तथा भविष्य निधि के अंतर्गत आने की सीमा में वृद्धि,  बोनस पात्रता की सीमा में वृद्धि, केंद्रीय स्कीम कर्मियों, संविदा तथा आउटसोर्स कर्मियों का नियमितीकरण और सामान्य नियुक्तियों पर लगे प्रतिबंध को हटाते हुए नौकरी में सुरक्षा तथा स्थिरता सुनिश्चित करना प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इस रोष प्रदर्शन में पंजाब और चंडीगढ़ में भारतीय मज़दूर संघ से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधन किया। जिनमें प्रमुख नरेंद्र (संगठन मंत्री), पवित्र सिंह (महामंत्री, पंजाब), बद्री प्रसाद (संगठन मंत्री, चंडीगढ़), बलविंदर सिंह (प्रधान, चंडीगढ़), जसवंत सिंह जस्सा (महामंत्री, चंडीगढ़), मलकीत सिंह (सह संगठन मंत्री), आज़ाद सिंह (प्रधान, सी.टी.यू.), रविन्द्र जायसवाल आदि उपस्थित रहे ।

अंत में यह आशा व्यक्त की गई कि भारत सरकार श्रमिक वर्ग की इन आवश्यक मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र तथा सकारात्मक निर्णय लेगी ।

No comments:

Post a Comment