By 121 News
Chandigarh Sept.13, 2021:-आम आदमी पार्टी (आप) को और मजबूत बनाते हुए सोमवार को कांग्रेस की चंडीगढ़ इकाई के कई नेता और पदाधिकारी अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हो गए। "आप " चंडीगढ़ मामलों के प्रभारी और दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह, आप चंडीगढ़ के कन्वीनर प्रेम गर्ग, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा और नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा व विक्रम धवन ने नेताओं का औपचारिक स्वागत किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं का स्वागत करते हुए जरनैल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ की टीम पूरी निष्ठा से काम कर रही है और नगर निगम चुनाव से पहले दिन-ब-दिन मजबूत होती जा रही है। पार्टी शानदार तरीके से चुनाव लड़ेगी और एक मजबूत और संगठित टीम के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जन-समर्थक नीतियों और सामाजिक सुधार गतिविधियों के कारण देश भर के लोग आप में शामिल हो रहे हैं।
पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में चंडीगढ़ कांग्रेस के स्टेट सेक्रेटरी यादविंदर मेहता, कांग्रेस सोशल मीडिया सेल के जिला अध्यक्ष एडवोकेट उज्जवल भसीन,कार्यकारी सदस्य भारत भूषण अरोड़ा, चंडीगढ़ कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य और चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनीता शर्मा, वार्ड नंबर 17 से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनदीप भारद्वाज और कांग्रेस नेता कमलेश चौधरी,रोजलिन कौर के नाम शामिल हैं।

No comments:
Post a Comment