Friday, 11 September 2026

13 सितंबर को मेला ग्राउंड सेक्टर-34: चंडीगढ़ में विशाल निरंकारी संत समागम का आयोजन

By 121 News
Chandigarh, Sept.11, 2026:- चंडीगढ़ की पावन धरती एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना, प्रेम और मानवता के दिव्य संदेश से आलोकित होने जा रही है। निरंकारी राजपिता रमित जी, सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का पावन संदेश प्रदान करने हेतु 13 सितंबर को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इस पावन अवसर पर मेला ग्राउंड, सेक्टर-34, चंडीगढ़ में भव्य संत समागम का आयोजन किया जाएगा।
 
इस दिव्य संत समागम में चंडीगढ़ ट्राइसिटी के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु इस पावन अवसर पर सतगुरु के दिव्य संदेश का श्रवण कर आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त करेगी तथा अपने जीवन में प्रेम, सद्भाव, सेवा, सहनशीलता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेगी।
 
चंडीगढ़ ज़ोन के ज़ोनल इंचार्ज ओ.पी. निरंकारी ने बताया कि संत समागमों का मूल उद्देश्य मानव एकता के माध्यम से विश्व में प्रेम, शांति और भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। जब प्रत्येक हृदय में प्रेम और प्रत्येक व्यवहार में मानवता का भाव होगा, तभी समूचा विश्व ‘समस्त संसार एक परिवार’ की सुंदर भावना को साकार कर सकेगा।

इस आयोजन के अंतर्गत संत समागम की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। बड़ी संख्या में सेवादार पूरे समर्पण, श्रद्धा और सेवाभाव के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप देने में दिन-रात जुटे हुए हैं। समागम स्थल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु सेवादार निःस्वार्थ भाव से सेवा में तत्पर हैं। ग्राउंड की साफ-सफाई से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं तक, प्रत्येक कार्य को प्रेम और अनुशासन के साथ पूर्ण किया जा रहा है।

स्थानीय ज़ोनल इंचार्ज ने समस्त श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से हार्दिक आह्वान किया कि वे इस पावन संत समागम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सतगुरु के दिव्य संदेश का लाभ उठाएं और अपने जीवन को भक्ति, प्रेम, सेवा एवं मानवता के प्रकाश से प्रकाशित करें।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment