Thursday, 9 July 2026

डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड पर भाजपा झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रही, यह जनता के संघर्ष और कांग्रेस के लगातार दबाव की जीत है: एच. एस. लक्की

By 121 News
Chandigarh, July 09, 2026:-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने भाजपा शासित नगर निगम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, वह जनता को गुमराह करने का प्रयास है। सच्चाई यह है कि यह किसी भाजपा की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों तक चले जनसंघर्ष, कांग्रेस के लगातार आंदोलनों, सांसद मनीष तिवारी के निरंतर प्रयासों तथा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सख्त निगरानी और एनजीटी के हस्ताक्षेप का परिणाम है।

एच.एस. लक्की ने कहा कि वर्षों तक डड्डू माजरा, धनास, मलोया,  कॉलोनी तथा आसपास के हजारों परिवारों को डंपिंग ग्राउंड से उठने वाली बदबू, प्रदूषण और अस्वास्थ्यकर वातावरण में जीवन बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ा, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम और प्रशासन लंबे समय तक मूकदर्शक बने रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को कभी मरने नहीं दिया। सांसद मनीष तिवारी ने लगातार डड्डू माजरा के लोगों की आवाज को बुलंद किया। उन्होंने न केवल स्थानीय स्तर पर प्रशासन और नगर निगम पर दबाव बनाया, बल्कि इस गंभीर विषय को देश की संसद में भी उठाकर चंडीगढ़ की जनता की पीड़ा पूरे देश के सामने रखी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनेक धरने-प्रदर्शन किए और प्रभावित लोगों के साथ लगातार खड़े रहे।
लक्की ने कहा कि जब मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचा तो अदालत ने भी नगर निगम और प्रशासन के रवैये पर गंभीर टिप्पणियां कीं तथा नियमित प्रगति रिपोर्ट तलब करनी शुरू की। अदालत की सख्त निगरानी और कांग्रेस के निरंतर दबाव के बाद ही प्रशासन हरकत में आया और डंपिंग ग्राउंड के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिली।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में ईमानदार होती तो आज इस अवसर पर उन लोगों और संस्थाओं का आभार व्यक्त करती जिन्होंने इस लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाया। विशेष रूप से सांसद मनीष तिवारी को श्रेय दिया जाना चाहिए था, जिन्होंने सड़क से लेकर संसद तक और हर मंच पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया। लेकिन भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए झूठी वाहवाही लूटने में लगी हुई है।
एच.एस. लक्की ने कहा कि सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जो कार्य वर्ष 2024 तक पूरा हो जाना चाहिए था, वह वर्ष 2026 में जाकर पूरा हुआ। दो वर्षों की देरी के बावजूद भाजपा इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताकर जनता को भ्रमित करना चाहती है। यह उपलब्धि नहीं, बल्कि भाजपा शासित नगर निगम की कार्यशैली और प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि डड्डू माजरा का मामला कोई अकेला उदाहरण नहीं है। पूरे चंडीगढ़ में विकास कार्यों की यही स्थिति है। शहर की अनेक प्रमुख सड़कें वर्षों से टूटी हुई हैं। जिन सड़कों का पुनर्निर्माण और री-कार्पेटिंग नियमित अंतराल पर हो जाना चाहिए था, वे कई-कई वर्षों तक बदहाल पड़ी रहती हैं। जनता बार-बार शिकायत करती है, आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन काम समय पर नहीं होता। कई सड़कें ऐसी हैं जिनका निर्माण पांच वर्ष के भीतर होना चाहिए था, लेकिन आठ-आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी उनकी हालत दयनीय बनी हुई है।
लक्की ने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम की पहचान अब देरी, अव्यवस्था और विफलता बन चुकी है। कोई भी बड़ा कार्य समय पर पूरा नहीं होता और जब जनता के दबाव या अदालत के हस्तक्षेप के बाद काम पूरा होता है तो भाजपा उसे अपनी उपलब्धि बताकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता सब कुछ देख रही है और समझ रही है कि कौन वर्षों तक उनके अधिकारों और स्वास्थ्य के लिए संघर्ष करता रहा और कौन केवल तैयार काम पर फीता काटकर श्रेय लेने की राजनीति करता है। कांग्रेस जनता के मुद्दों को पहले भी मजबूती से उठाती रही है और आगे भी हर जनहित के प्रश्न पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment