Saturday, 4 July 2026

कॉलोनीवासियों को मिले मालिकाना हक, 20,000 लीटर मुफ्त पानी उनका अधिकार, कांग्रेस इसे लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध: मनीष तिवारी

By 121 News
Chandigarh, July 04, 2026:-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आज मौलीजागरा पार्ट-2 स्थित सुंदर नगर कॉलोनी में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के लिए लगभग 5 लाख रुपये की लागत से हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों की सौगात दी, ताकि स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही कॉलोनीवासियों को मालिकाना हक दिलाने की मांग को मजबूती से उठाती रही है और भविष्य में भी इसे हर स्तर पर उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को अब उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक मिलना चाहिए, ताकि वे सम्मान और सुरक्षा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें।
मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चंडीगढ़ के प्रत्येक परिवार को 20,000 लीटर मुफ्त पानी उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता पर पूरी तरह कायम है। उन्होंने कहा कि यह कोई खैरात नहीं बल्कि जनता का अधिकार है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और उसका प्रशासन इस जनहितकारी निर्णय को लागू करने में लगातार बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने खाड़ी युद्ध का हवाला देकर पेट्रोल, डीज़ल, रसोई गैस तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 30 प्रतिशत तक कमी आने के बावजूद आम जनता को उसका कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनता को राहत देना नहीं बल्कि उन पर आर्थिक बोझ बढ़ाना है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने अपने संबोधन में कथित राम मंदिर चंदा घोटाले का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति करते रहे, आज उसी चंदे से जुड़े गंभीर आरोपों पर पूरी तरह खामोश हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता की धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
एच.एस. लक्की ने कहा कि आज देश की जनता का विश्वास भाजपा सरकार से लगातार उठता जा रहा है क्योंकि जिन लोगों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, उन्हीं के नाम विभिन्न घोटालों और विवादों में सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपनी आस्था पर हुए इस प्रहार का लोकतांत्रिक तरीके से उचित जवाब देगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा ने सांसद मनीष तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनता के बीच उपलब्ध रहने वाले जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि के माध्यम से शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं तथा बच्चों के खेलकूद के लिए अनेक नए कार्य किए जाएंगे।

यह जनसभा सुंदर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वसीम मीर, सुशील कुमार, रणधीर वर्मा, लेखपाल कृपानंद ठाकुर, , विनय मिश्रा रजनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभा में उपस्थित लोगों ने कॉलोनीवासियों के मालिकाना हक, 20,000 लीटर मुफ्त पानी तथा जनहित के अन्य मुद्दों पर कांग्रेस के अभियान का जोरदार समर्थन किया।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment