By 121 News
Chandigarh, June 07, 2026:-सेक्टर- 29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में आयोजित 52वां वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया। छह दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भक्त अपने परिवारों सहित बाबा के दरबार में शीश नवाने पहुंचे।
समापन अवसर पर चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक पंकज शर्मा तथा जगाधरी के अमरजीत शर्मा ने पौणाहारी बाबा के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंकज शर्मा ने “रत्नो दे पाली नाल दो गल्लां करन नूं जी करदा”, “रूह गदगद हो गई है जोगिया दर्शन करके”, “जोगी आ नी गया, फेरा पा नी गया”, “सारी संगतां दे भाग जगा नी गया” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
वहीं अमरजीत शर्मा ने “जदों मन डोले तेरा जोगी नूं याद करया कर”, “लोकी कहिंदे सानूं जोगी दे शौधाई”, “किवें मुखड़े तो नजरा हटावां” जैसे भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे।
इससे पूर्व शनिवार को आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक सोनू सैनी ने “लोका नूं मान पावरा दा, साड़ी पावर धूणे वाला”, “असीं तेरे नाल लाइयां यारियां”, “असीं पक्के मुलाजम जोगी दे, साड़ी हर गल सुनदा जोगी ही”, “ओखेयां नूं सौखे करदा, उनूं सिंघियां वाला कहंदे” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह वार्षिक उत्सव प्रत्येक वर्ष 2 जून से मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया जाता है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा। 2 से 7 जून तक चले भव्य आयोजन में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के भजन गायकों ने पौणाहारी बाबा के मधुर भजनों से भक्तों को भाव-विभोर किया। उन्होंने इस भव्य आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और दानदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने तन, मन और धन से सेवा कर आयोजन को सफल बनाया।
सेवा मंडल के अधिकारियों ने बताया कि जो श्रद्धालु व्यक्तिगत रूप से उत्सव में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने मंदिर के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स—श्री सिद्ध29 यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम (ओम सिद्ध_नमः) तथा फेसबुक पेज ‘श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर, सेक्टर-29’ के माध्यम से लाइव प्रसारण देखकर बाबा के दर्शन किए और आयोजन से जुड़े रहे।
No comments:
Post a Comment