By 121 News
Chandigarh Sept. 16, 2021:- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार किसानों को बर्बाद करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहती है। अब नारायणगढ़ शुगर मिल को बंद करने की साजिश रची जा रही है। अगर ऐसा हुआ तो क्षेत्र के किसान बर्बाद हो जाएंगे। वहीं कुमारी सैलजा ने प्रदेश के राइस मिलर्स की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से तुरंत राइस मिलर्स की मांगें मानने की मांग की है।
यहां जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि नारायणगढ मिल चलाने को लेकर सरकार की मंशा ठीक नहीं है। इस क्षेत्र के सात हजार गन्ना उत्पादक किसानों के साथ-साथ मिल के 500 कर्मचारियों पर इसका प्रभाव पड़ेगा। कई महीने से वेतन ना मिलने के कारण मिल के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। शुगर मिल पर किसानों का 70 करोड़ का भुगतान भी बकाया है। अब मिल बंद करने की साजिश रची जा रही है।
किसानों के साथ ही कुमारी सैलजा ने राइस मिलर्स का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले सीएमआर का काम 25 प्रतिशत टुकड़ा, 3 प्रतिशत डैमेज, 3 प्रतिशत डिस्कलर और 15 प्रतिशत नमी के तहत होता था। लेकिन इस बार एफसीआई ने इसमें बदलाव करके इसे 20, 2, 2 और नमी को 14 प्रतिशत कर दिया है। सरकार का यह फैसला बिल्कुल भी बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इससे राइस मिलर्स को काफी नुकसान सहन करना पड़ेगा।
कुमारी सैलजा ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार राइस मिलर्स को राहत दे और जनवरी से पहले फिजिकल वेरिफिकेशन ना हो, आनर लीज की गारंटी की शर्त हटाई जाए। मिलर्स की बकाया पेमेंट जल्द जारी की जाए। साथ ही पड़ोसी राज्यों की जीरी भी लेने दी जाए और बोनस जारी किया जाए।
No comments:
Post a Comment