By 121 News
Chandigarh, May 20, 2026:-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माइनॉरिटी डिपार्टमेंट द्वारा आज हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट, मनीमाजरा में बढ़ती महंगाई, लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की तथा माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने किया।
प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है और देश की जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एच.एस. लक्की ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले मात्र दस दिनों में दो बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनता पर सीधा आर्थिक हमला किया है। उन्होंने कहा कि दोनों ईंधनों की कीमतों में लगभग चार रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है, जिसका असर सीधे तौर पर खाने-पीने की वस्तुओं, परिवहन, रोजमर्रा के सामान और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।
लक्की ने कहा कि जब भी पेट्रोल और डीजल महंगे होते हैं, तो उसका बोझ अंततः गरीब, मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, छोटे दुकानदारों और मजदूर वर्ग पर पड़ता है। आज देश में हालात ऐसे हो चुके हैं कि रसोई चलाना, बच्चों की पढ़ाई करवाना और घर का खर्च उठाना आम परिवारों के लिए चुनौती बन गया है।
उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को पहले से पता था कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण आर्थिक दबाव बढ़ सकता है, लेकिन केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनावों में व्यस्त रही और जनता के हितों की कोई तैयारी नहीं की। चुनाव समाप्त होते ही जनता पर महंगाई का बम फोड़ दिया गया।
लक्की ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हितों की रक्षा कर रही है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग को लगातार आर्थिक संकट में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के दावों की सच्चाई अब जनता समझ चुकी है और देश का आम नागरिक भाजपा की नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है।
माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले 100 दिनों में महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन 11 वर्षों में यह सरकार महंगाई और बेरोजगारी दोनों मोर्चों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज गरीब और मेहनतकश वर्ग दोहरी मार झेल रहा है — एक तरफ रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं और दूसरी तरफ रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार आसमान छू रही हैं।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज पर इस महंगाई का सबसे अधिक असर पड़ा है, क्योंकि मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवारों के पास सीमित संसाधन होते हैं। आज हालात ऐसे बन चुके हैं कि गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी कठिन होता जा रहा है।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से चंडीगढ़ कांग्रेस के इरफान अंसारी ,शाबान शेख,कमरूल इस्लाम,परवेज अकरम खान ,मौलाना अफरोज ,नवाब,उस्मान खान,फिरोज खान ,शमीम प्रधान,जाहिद परवेज खान,उस्मान,एडवोकेट जीशान,हाजी युनुस ,कासिम एहमद, जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों इमरान मंसूरी , सुनील वर्मा,आबिद खान,सादिक मोहम्मद। खान,शकील अहमद,अरमान खान,सलमान मंसूरी गफ्फार अल्वी,ब्लॉक अध्यक्ष संजीव। गाबा',ममता डोगरा, हरजिंदर बावा,विकी,कुलदीप कुकी ,राजवीर सिंह,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment