Thursday, 2 April 2026

चंडीगढ़ बिजली विभाग घाटे का सौदा तो CPDL इसे छोड़ क्यों नहीं देता: विक्रांत तंवर 

By 121 News
Chandigarh, Apr.02,2026:-कल आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन से बौखलाकर CPDL द्वारा जारी सफाई पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए तंवर ने कहा कि कंपनी तकनीकी शब्दजाल और बहानों के पीछे छिपकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि दो अलग-अलग अवधि के बिल और बिलिंग साइकिल बदलने जैसी दलीलें जमीनी सच्चाई को नहीं बदल सकतीं, क्योंकि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अचानक और असामान्य रूप से बढ़े हुए बिजली बिल प्राप्त हुए हैं, जिससे जनता में भारी असंतोष है।

तंवर ने सवाल उठाया कि जब JERC की सार्वजनिक सुनवाई में उपभोक्ताओं ने बिजली दरों में वृद्धि का स्पष्ट विरोध किया था और इसे कम करने की गुहार लगाई थी, तो किस आधार पर बिना ऑडिट के भाजपा ने दरों में बढ़ोतरी की? और इतना ही नहीं, आने वाले 5 वर्षों तक दरें बढ़ाने की मंजूरी भी दे दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और CPDL के बीच मिलीभगत से जुड़े सवाल लगातार उठ रहे हैं, जहां सिस्टम की जवाबदेही तय करने के बजाय जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाली जा रही है और इसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।

तंवर ने मांग की कि पूरे बिजली वितरण मॉडल और CPDL के वित्तीय आंकड़ों की स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट कराई जाए, विवादित बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगे और उपभोक्ताओं को पूरी तरह पारदर्शी और स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि जनता का भरोसा बहाल किया जा सके।

No comments:

Post a Comment