Tuesday, 21 April 2026

महिला आरक्षण पर भाजपा की दोहरी राजनीति बेनकाब: बिना शर्त तत्काल लागू किया जाए आरक्षण: कुमारी शैलजा

By 121 News
Chandigarh, Apr.21, 2026:-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस प्रेस वार्ता को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने संबोधित किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की भी मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने भारतीय जनता पार्टी पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में भ्रम फैलाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण अधिनियम संसद से पारित हुआ था, जिसमें कांग्रेस पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों ने पूर्ण सहयोग दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद भाजपा सरकार ने अपनी राजनीतिक मंशाओं को साधने के लिए पिछले दरवाजे से संशोधन लाने का प्रयास किया, जिस पर विपक्ष को गंभीर आपत्ति थी। कुमारी शैलजा ने कहा कि बिना किसी व्यापक चर्चा और सहमति के यह संशोधन लाया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
उन्होंने यह भी कहा कि संशोधन लाने से ठीक पहले 2023 के महिला आरक्षण अधिनियम की नोटिफिकेशन जारी करना भाजपा की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सस्ती और अवसरवादी राजनीति कर रही है। जब उनकी चालें कामयाब नहीं हुईं, तो उन्होंने विपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगाने शुरू कर दिए।
प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन में विपक्ष को निशाना बनाए जाने पर कुमारी शैलजा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कुमारी शैलजा ने कहा कि राष्ट्र के नाम संबोधन गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों के लिए होता है, न कि राजनीतिक विरोधियों को कोसने के लिए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुमारी शैलजा ने भाजपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना चाहती, तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों और राज्य विधानसभाओं में ही इसे लागू किया जा सकता था। इसके बजाय भाजपा ने परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने जैसे जटिल प्रावधानों के साथ इसे जोड़कर इसे टालने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के सशक्तिकरण का साक्षी रहा है।उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिसने देश में महिला नेतृत्व को मजबूत आधार प्रदान किया।
कुमारी शैलजा ने मांग की कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के तुरंत लागू किया जाए और महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिया जाए।
इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जन-जन तक जाएगी और हर घर तक इस अभियान को पहुंचाकर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह झूठ और भ्रम की राजनीति बंद करे और महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान प्रदान करे। लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों के लिए खड़ी रही है, खड़ी है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी। इस संघर्ष के लिए यदि किसी भी स्तर पर आंदोलन करना पड़ा, तो कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
एच.एस. लक्की ने बताया कि आने वाले दिनों में इस विषय पर एक विस्तृत पैंपलेट जारी किया जाएगा, जिसे घर-घर पहुंचाकर भाजपा की सच्चाई और उसकी मंशाओं का पर्दाफाश किया जाएगा।
Uploaded Image

No comments:

Post a Comment