By 121 News
Chandigarh, Feb.17, 2026:- जोड़ों में लगातार दर्द, बार-बार चोट लगना या देर से ठीक होना केवल सामान्य चोट का परिणाम नहीं होता, बल्कि यह किसी अंदरूनी मेटाबॉलिक बीमारी का संकेत भी हो सकता है। इसी सार्वजनिक जागरूकता संदेश के साथ पारस हेल्थ पंचकुला के डॉक्टरों ने एक 42 वर्षीय व्यक्ति का सफल उपचार किया, जिसमें घुटने की सर्जरी के दौरान छिपे हुए यूरिक एसिड विकार का पता चला।
मरीज जिम के दौरान दाहिने घुटने में चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचा। जांच में एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) में आंशिक फटाव और मेनिस्कस क्षति सामने आई। आर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने घुटने के अंदर सफेद चॉक जैसे जमाव देखे, जिन्हें बाद में यूरिक एसिड क्रिस्टल के रूप में पहचाना गया। आगे की जांच में यूरिक एसिड स्तर 9.6 एमजी/डीएल पाया गया, जिससे छिपे हुए गाउट रोग की पुष्टि हुई।
ऑर्थोपेडिक्स विभाग के चेयरमैन डॉ. रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि कई बार गाउट जैसी मेटाबॉलिक स्थितियां बिना स्पष्ट लक्षणों के जोड़ों को धीरे-धीरे कमजोर कर देती हैं। सर्जरी के दौरान दोनों समस्याओं, लिगामेंट क्षति और यूरिक एसिड जमाव का एक साथ इलाज किया गया। उन्होंने इसके बारे में बताते हुए कहा कि यह केस इस बात पर जोर डालता है कि हर लिगामेंट चोट पूरी तरह से मैकेनिकल नहीं होती है। कुछ मेटाबॉलिक स्थितियां जैसे कि गाउट धीरे-धीरे जॉइंट के स्ट्रक्चर को यानी जोड़ों की संरचना को बिना खास या विशेष लक्षण के दिखे भी कमजोर बना देती हैं। हमें सर्जरी के दौरान यूरिक एसिड क्रिस्टल जमाव मिला। यह क्रिस्टल जमाव और मेनिस्कस दोनों को नुकसान पहुंचा रहा था। इन दोनों की पहचान करने से हमें स्ट्रक्चरल डैमेज को ठीक करने और साथ ही असली वजह का इलाज शुरू करने में मदद मिली।
फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा कि सटीक जांच और समग्र उपचार दृष्टिकोण से न केवल दिखने वाली चोट का उपचार संभव है, बल्कि उसके मूल कारण को भी नियंत्रित किया जा सकता है।
सर्जरी के बाद मरीज को यूरिक एसिड नियंत्रित करने की दवाएं, खान-पान व जीवनशैली में बदलाव की सलाह दी गई। तीन माह के पुनर्वास कार्यक्रम के बाद मरीज सामान्य गतिविधियों में लौट आया और अब बिना दर्द के चल-फिर रहा है। यह मामला इस बात पर जोर देता है कि जोड़ों की समस्या को नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है।
No comments:
Post a Comment