Friday 12 August 2022

कांग्रेस ने मनीमाजरा में निकाली आज़ादी गौरव यात्रा

 काग्रेंस की मनीमाजरा में आयोजित  "आजादी की गौरव यात्रा" के उपलक्ष्य में  वार्ड नंबर 5 से निकली पदयात्रा की चौथी कड़ी में काग्रेंस कार्यकर्ताओं के साथ भारी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। जब हज़ारों की संख्या में तिरंगा लहराते भारत माता की जय के नारे लगाते लोग सड़कों पर निकले, तो नज़ारा देखते ही बनता था। आज की पदयात्रा का आयोजन सुरजीत सिंह ढिल्लों,  अध्यक्ष मनी माजरा जिला कांग्रेस, गुरचरण दास काला और सुरिंदर सिंह, दोनों पूर्व महापौर, स्थानीय पार्षद दर्शना और अन्य वरिष्ठ नेताओं संजय भजनी, संजीव गाबा और रामेश्वर गिरी ने किया था।

पदयात्रा चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड 5 और 6 से चण्डीगढ़ काग्रेंस के अध्यक्ष  एच.एस. लक्की की अगुआई में निकली, जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने भी भाग लिया।

 पवन बंसल ने 14 अगस्त को "विभजन विभिषिका दिवस" ​​के रूप में मनाने के लिए भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के लगातार प्रयासों और लोगों के भारी समर्थन के कारण ही आज़ादी के बाद 500 से अधिक आज़ाद रियासतों का अपरिवर्तनीय रूप से भारत में विलय सम्भव हो पाया। काग्रेंस ने ही शक्तिशाली अंग्रेजों से आजादी पाने के लिए  लगातार लड़ाई लड़ी और निस्वार्थ भाव से बलिदान दिये। जिसकी सारी दुनिया आज तक प्रशंसा करती है। दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और हिंदू महासभा जैसे संगठनों ने हमेशा स्वतंत्रता के संघर्ष का विरोध किया और देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए अंग्रेजों का साथ दिया। पाकिस्तान के निर्माण से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को सहस्राब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी बताते हुए बंसल ने कहा कि विभाजन के दौरान हुई विनाशकारी घटनाएं  बिना किसी शक के, वास्तव में यह दिखाती हैं कि आर.एस.एस किस हद तक समाज में सांप्रदायिक जहर फैला सकता है। उन्होंने लोगों से आर.एस.एस और उसके राजनीतिक विंग भाजपा के साम्प्रदायिक और जन विरोधी अतीत को देखते और हमारे लोकतंत्र, संविधान एवं आधुनिक भारत की अवधारणा को कमजोर करने के उद्देश्य से उनके द्वारा संचालित उनके भयावह मंसूबों को हराने का आग्रह किया।

सभा को संबोधित करते पार्टी की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष एच. एस. लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस हमेशा उन लोगों की पीड़ा को कम करने का प्रयास करती रहेगी जो पिछले 7 वर्षों के दौरान भाजपा के कुशासन और भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शहर के अतीत के गौरव को बहाल करने के लिए वर्तमान में चंडीगढ़ में सत्ता पर काबिज सांप्रदायिक और भ्रष्ट ताकतों को बाहर करने के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment