By 121 News
Panchkula, Jan.30, 2026:-दिमाग में होने वाले ट्यूमर को अक्सर लोग बेहद ख़तरनाक और जटिल मानते हैं, खासकर तब जब ट्यूमर दिमाग के उन हिस्सों में हो जो बोलने, चलने और महसूस करने जैसे ज़रूरी कार्यों को नियंत्रित करते हैं। हालांकि, चिकित्सा तकनीक में हो रही लगातार प्रगति ने अब ऐसे जटिल ब्रेन ट्यूमर का इलाज भी पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सटीक बना दिया है। न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पारस हेल्थ पंचकूला ने एडवांस्ड न्यूरोनेविगेशन टेक्नोलॉजी की मदद से एक जटिल ब्रेन ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालने में सफलता प्राप्त की है। यह सर्जरी डॉ. गौरव शर्मा, सीनियर कंसल्टेंट, न्यूरोसर्जरी के नेतृत्व में की गई, जिसमें ट्यूमर दिमाग के अत्यंत संवेदनशील हिस्से में स्थित था।
मरीज़ के दिमाग का वह हिस्सा बोलने, चलने और शरीर की संवेदनशीलता जैसे अहम कार्यों के लिए ज़िम्मेदार था, जिससे सर्जरी को हाई-रिस्क माना जा रहा था। इसके बावजूद, न्यूरोनेविगेशन-गाइडेड सर्जरी के माध्यम से ट्यूमर को पूरी सटीकता के साथ हटाया गया और मरीज़ सर्जरी के बाद बिना किसी न्यूरोलॉजिकल समस्या के स्वस्थ है।
न्यूरोनेविगेशन टेक्नोलॉजी को अक्सर "दिमाग का जीपीऐस" कहा जाता है। यह तकनीक सर्जन को सर्जरी के दौरान दिमाग की रियल-टाइम थ्री-डाइमेंशनल इमेज प्रदान करती है, जिससे ट्यूमर की सटीक लोकेशन का पता चलता है और आसपास के स्वस्थ ब्रेन टिश्यू को न्यूनतम नुकसान पहुंचता है। यह तकनीक खासतौर पर जटिल और हाई-रिस्क ब्रेन सर्जरी में सर्जरी की सुरक्षा और सफलता दर को काफी बढ़ाती है।
इस सर्जरी के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. गौरव शर्मा ने कहा कि दिमाग के नाज़ुक हिस्सों में मौजूद ट्यूमर का इलाज हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि छोटी-सी चूक भी मरीज की बोलने या चलने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। न्यूरोनेविगेशन टेक्नोलॉजी हमें सर्जरी के दौरान सटीक और सुरक्षित मार्गदर्शन देती है, जिससे ट्यूमर को हटाते हुए ब्रेन के महत्वपूर्ण हिस्सों को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस केस में भी मरीज़ की रिकवरी बेहद संतोषजनक है।
वहीं, पारस हेल्थ के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. पंकज मित्तल ने कहा कि न्यूरोनेविगेशन जैसी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी की शुरुआत हमारे न्यूरोसर्जरी विभाग के लिए एक बड़ा कदम है। ऐसी आधुनिक तकनीकें न केवल सर्जरी को सुरक्षित बनाती हैं, बल्कि मरीजों को बेहतर परिणाम और तेज़ रिकवरी भी प्रदान करती हैं। हमारा उद्देश्य है कि क्षेत्र के मरीजों को बड़े शहरों में जाए बिना ही उच्च स्तरीय न्यूरोलॉजिकल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
न्यूरोनेविगेशन के सफल उपयोग के साथ पारस हेल्थ पंचकुला ने जटिल ब्रेन सर्जरी के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को और मज़बूत किया है। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल की तकनीकी दक्षता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही तकनीक और विशेषज्ञता के साथ गंभीर ब्रेन ट्यूमर का इलाज सुरक्षित रूप से संभव है।
No comments:
Post a Comment