Friday, 28 November 2025

झूठी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ हो गहन जाँच और कड़ी कार्रवाई: देवशाली

By 121 News

Chandigarh, Nov.28, 2025:-चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व पार्षद तथा भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रकोष्ठ एवं विभाग प्रभारी शक्ति प्रकाश देवशाली ने प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया को पत्र लिखकर चंडीगढ़ की विभिन्न कालोनियों में रहने वालों में मकान रद्द होने का भ्रम फैलाकर असंतोष उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध गहन जाँच कर कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

प्रशासक को लिखे पत्र में देवशाली ने कहा कि विगत एक सप्ताह से चंडीगढ़ की विभिन्न टेनामेंट तथा पुनर्वास कालोनियों में कांग्रेस पार्टी सहित कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं एवं अन्य लोगों द्वारा द्वारा झूठ बोलकर, सम्पदा विभाग चंडीगढ़ के एक पत्र का गलत अनुवाद कर मकान रद्द होने, लीज की राशि में बढ़ोतरी तथा मकान खरीदने वालों को मकान से बाहर करने जैसी अफवाहें फैलाकर स्थानीय निवासियों में असंतोष एवं डर का माहौल बनाया जा रहा है।  जबकि जिस पत्र को संदर्भित किया जा रहा है उसमें ऐसा कोई उल्लेख नहीं है। 

देवशाली ने कहा कि विषय की गंभीरता को देखते हुए इस संदर्भ में विस्तृत जाँच होनी चाहिए कि कहीं झूठ बोलना और अफवाह फैलाना भी किसी 'टूलकिट' का हिस्सा तो नहीं है।  क्योंकि अफवाह फ़ैलाने के लिए ऐसा समय चुना गया जब पंजाब विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलन कर रहे थे व  चंडीगढ़ की सीमाओं पर पंजाब एवं अन्य स्थानों से आये किसान एवं अन्य संगठन के लोग एकत्र थे।  ऐसे समय में चंडीगढ़ की विभिन्न कालोनियों में रहने वालों में झूठ बोलकर, सम्पदा विभाग चंडीगढ़ के एक पत्र का गलत अनुवाद कर मकान रद्द होने, मालिकाना हक नहीं मिलने, लीज राशि में बढ़ोतरी तथा मकान खरीदने वालों को मकान से बाहर करने जैसी अफवाहें फैलाकर कानून व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा की समस्या उत्पन्न करने के प्रयास शहरवासियों को चिंतित कर रहे हैं।

देवशाली ने सभी कालोनीवासियों से शांति बनाये रखने का आह्वान करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी शहरवासी को बेघर नहीं होने देगी।  उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी द्वारा संगठन, प्रशासन एवं सरकार तीनों स्तरों पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।  उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे व्यर्थ की अफवाहों पर ध्यान न दें और झूठी अफवाह फ़ैलाने वालों से सावधान रहते हुए जनता के बीच उनका भंडाफोड़ करें। 

No comments:

Post a Comment