By 121 News
Chandigarh, August 09, 2025--नगर निगम चंडीगढ़ और सामाजिक संस्थाओं के आपसी सहयोग से शनिवार को सेक्टर-22 के नेहरू पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम वार्ड-22 के पार्षद दमनप्रीत सिंह बादल शामिल हुए। नगर निगम चंडीगढ़ के एम ओ एच और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों, आर डब्ल्यू ए के पदाधिकारियों सहित ओंकार चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन रविंदर सिंह बिल्ला व उनकी टीम, डॉन बोस्को नवजीवन सोसाइटी से फादर रेजी टॉम व उनकी टीम भी इस मौके उपस्थित रहे। स्वच्छता अभियान के तहत पूरे नेहरू पार्क की सफाई की गई।
पार्षद दमनप्रीत सिंह बादल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक किया एवं घर में दो कूड़ेदान रखने व पॉलिथीन मुक्त शहर बनाने की अपील की। नगर निगम चंडीगढ़ और सामाजिक संस्थाओं द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान 10 दिन तक चलाया जाएगा। जिसके तहत सेक्टर 22 के नेहरू पार्क से ना केवल कूड़ा साफ किया गया, बल्कि इसके अलावा बागवानी कूड़ा और मलबा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जो यह स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है वो सराहनीय प्रयास है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक सहयोग दें। उन्होंने वार्ड वासियों से अपील की कि पॉलीथीन का इस्तेमाल पूर्ण तौर पर बंद होना चाहिए क्योंकि यह पालीथीन नालियों में जाकर फंस कर सीवरेज ब्लाकेज का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम यह सुनिश्चित कर रहा है कि शहर स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बना रहे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे साफ-सफाई में सहयोग करें और शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने में मदद करें।
फादर रेजी टॉम ने कहा कि शहर को साफ सुथरा और हरा भरा रखने के लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता की इस मुहिम की शुरुआत कर दी गई है, जिसमें नागरिकों की भागीदारी व सहयोग बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम सभी की अपने शहर के प्रति यह जिम्मेदारी बनती है कि हम जिस प्रकार अपने घर, कार्यालय व प्रतिष्ठान की साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार अपने शहर के सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। इसके लिए इधर-उधर कचरा ना फैलाएं और अगर कोई व्यक्ति ऐसा करता है, तो उसे रोकें और शहर के प्रति उसके दायित्वों के बारे में उसे बताएं। हम सभी के संयुक्त प्रयासों, सहयोग व योगदान से स्वच्छ, सुंदर, हरित व बेहतर चंडीगढ़ बनाएंगे।
रविन्द्र सिंह बिल्ला ने विशेष स्वच्छता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर के पार्को और ग्रीन बेल्ट्स को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। उन्होंने कहा, कि यह अभियान न केवल सफाई तक सीमित है, बल्कि इसमें पौधारोपण, जन जागरूकता और नागरिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को भी शामिल किया गया है। रविन्द्र बिल्ला ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निगम के प्रयासों में सहयोग करें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वच्छ और हरा-भरा चंडीगढ़ हम सबकी जिम्मेदारी है।
No comments:
Post a Comment