Wednesday 7 July 2021

सरकार ने जनता को धोखा दिया: सैलजा

By 121 News
Chandigarh July 07, 2021:- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि केंद्र व राज्य सरकार ने आम जनता को धोखा दिया है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों व अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में आए दिन हो रही वृद्धि ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया।  सरकार के घोर जनविरोधी  कदमों के खिलाफ कांग्रेस अपनी पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।

       महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के राज्यव्यापी अभियान के तहत आज हांसी में बड़ी संख्या में उमड़े पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा, कैसी विचित्र स्थिति है कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि अब जनता का सामना करने से डर रहे हैं। भाजपा के विधायक, मंत्री, सांसद जहां भी जाते हैं, जनता उनका स्वागत काले झंडों से करती है।

       प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष किया कि यदि आज चुनाव करवा लिए जाएं तो भाजपा-जजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। जनता में सरकार के खिलाफ इतना गुस्सा है कि वह इन दोनों दलों को एक भी सीट नहीं जीतने देगी।

       कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के सभी संगठन गांव, ब्लाक व जिला स्तर पर महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज उठाएंगे।

       उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के निर्देश पर सभी कांग्रेसी नेता सरकार की ईंट से ईंट बजाने को जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतर आए हैं। सोनिया और राहुल का स्पष्ट निर्देश है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाहे कुछ भी करना पड़े, जनता की आवाज नहीं दबनी चाहिए।

       कुमारी सैलजा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ पूरे देश में केवल राहुल गांधी ही खुलकर आवाज उठा रहे हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर सभी कांग्रेसी पूरे जोश के साथ

सरकार के खिलाफ गर्मी, सर्दी, बरसात में संघर्ष करते रहेंगे।

       उन्होंने कहा, राज्य में ऐसा मंज़र सामने है जिसकी लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अपराध बढ़ रहे हैं, बेरोजगारी की दर चिंताजनक स्तर तक पहुंच चुकी, औद्योगिक विकास का पहिया थम चुका। दुर्भाग्य देखिए कि कृषि प्रधान देश में किसान को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। पहले कुछ दिन आन्दोलन पर बैठे किसानों से बातचीत का दिखावा किया गया था। स्वामीनाथन की रिपोर्ट आखिर कब लागू की जाएगी?

       तेल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस अब 10 जुलाई को जिला स्तर पर साइकिल मार्च निकालेगी जो कम से कम पांच किलोमीटर लंबा होगा।

 15 जुलाई को पेट्रोल पंपों के सामने लोगों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे।

       इस मौके पर पूर्व मंत्री परमवीर सिंह, सुभाष गोयल, अत्तर सिंह सैनी, कांग्रेस पार्टी के महासचिव डा. अजय चौधरी, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बजरंग गर्ग, एचपीएससी के पूर्व सदस्य जगन्नाथ, कांग्रेस लीगल सैल के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, हरपाल बूरा, विनीत कांबोज, ओम प्रकाश पंघाल, जिला पार्षद के पूर्व चेयरमैन डा. राजेन्द्र सुरा, हरियाणा पिछड़ा वर्ग के पूर्व सदस्य तेलू राम जागड़ा, भूपेन्द्र गंगवा, रामनिवास राडा, अश्विनी शर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष आनन्द जाखड, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष जुन, रमेश श्योरण, राजेश कासनिया, कैलाश मण्डवरिया, महिला शहरी अध्यक्ष सनेहलता निम्बल, संतोष कुमार खेड़ा, गीता सिहाग , स्वेता शर्मा, सेवादल से बिजेन्द्र कपूर आदि कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment