By 121 News
Chandigarh, July 02, 2026:-चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर 22 की पार्षद श्रीमती अंजू कत्याल ने माननीय पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट कर वार्ड से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान वार्ड में बच्चों के लिए खेल मैदान (प्ले ग्राउंड) की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षद अंजू कत्याल ने प्रशासक से अनुरोध किया कि वार्ड-22 में प्रशासन की खाली पड़ी भूमि को स्थायी व्यवस्था होने तक अस्थायी रूप से बच्चों के खेल मैदान के रूप में उपयोग करने की अनुमति दी जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित स्थान पर खेलने की सुविधा मिल सके।बैठक के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इस महत्वपूर्ण विषय का संज्ञान लेते हुए इसके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वार्ड के सम्मानित निवासी दविंदर झांभ, श्रीमती इकबाल कौर तथा श्रीमती सिम्मी भी पार्षद अंजू कत्याल के साथ मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद पार्षद अंजू कत्याल ने बताया कि वह वार्ड-22 के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से इस समस्या का जल्द समाधान होगा, जिससे वार्ड के बच्चों को बेहतर और सुरक्षित खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
No comments:
Post a Comment