Thursday, 30 January 2025

भाजपा की हरप्रीत बबला बनी मेयर: आप की उम्मीदवार प्रेमलता को 2 वोटों के अंतर से हराया

By 121 News
Chandigarh, Jan.30, 2025:-चंडीगढ़ में आप-कांग्रेस गठबंधन को नगर निगम में बहुमत के बावजूद करारा झटका देते हुए भाजपा ने मेयर पद का चुनाव जीत लिया है। नगर निगम में 16 पार्षदों वाली भाजपा की हरप्रीत काैर बबला 19 वोट लेकर जीत गई हैं। वहीं आप और कांग्रेस गठबंधन की प्रेमलता को 17 ही वोट मिले। जबकि निगम में आप-कांग्रेस के पाषदों सहित संसद मेंबर की वोट मिलाकर कुल 20 वोटें थी। मेयर चुनाव में तीन वोट क्रॉस हुए हैं जो भाजपा की झोली में पड़े है। यह तीनों वोट कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के पार्षदों के हैं। उधर इसके साथ ही हुए सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में कांग्रेस के जसबीर सिंह बंटी वजयी रहे। उन्होंने भाजपा की विमला दुबे को 17 के मुकाबले 19 वोटों से हराया है। डिप्टी मेयर के पद पर भी कांग्रेस की तरुणा मेहता ने जीत दर्ज की है। उन्हें 19 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के लखबीर सिंह बिल्लू को 17 वोट मिले हैं। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के किसी एक पार्षद ने वोट क्रॉस किया है। गुरुवार को सुबह 11 बजे निर्धारित समय पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। निगम के संयुक्त सचिव गुरिंदर सिंह सोढ़ी की तरफ से पहले सभी पार्षदों को चुनाव के नियम व शर्तों के बारे में बताया गया। बैलेट पेपर पर मतदान देने के तरीके के बारे में भी पार्षदों को जानकारी दी गई। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह बंटी ने कहा कि चुनाव पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, क्योंकि पिछली बार जो हुआ वह हम सब ने देखा है। उन्होंने प्रीसाइडिंग अधिकारी रमणीक सिंह बेदी को कहा कि पहले वह अपना एक पेन तय कर ले, उसी से सारे काम करें क्योंकि पिछली बार बहुत गड़बड़ हुई थी। इससे पहले कांग्रेस से हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं पार्षद गुरबख्श रावत जब वोट देने पहुंची तो उन्होंने घड़ी बांधी थी। इस पर आम आदमी पार्टी के पार्षद योगेश ढींगरा ने सवाल उठाया। कहा कि जब सबसे घड़ियां बाहर उतरवा ली गई हैं तो इन्होंने क्यों बांधी है। रावत ने कहा कि एनालॉग घड़ी है। स्मार्ट वॉच नहीं है हालांकि प्रीसाइडिंग अधिकारी ने उन्हें घड़ी उतारने को कहा। इसके बाद ही उन्हें बैलेट पेपर दिया गया और उन्होंने वोट डाला। मेयर चुनाव सुप्रीम कोर्ट की तरफ से नियुक्त की गई स्वतंत्र पर्यवेक्षक रिटायर्ड जस्टिस जयश्री ठाकुर की निगरानी में हुआ। मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। चुनाव के दौरान मनोनीत पार्षद डाक्टर रमणीक बेदी को प्रिसाइडिंग  अधिकारी लगाया गया था। चुनाव को लेकर नगर निगम भवन के अंदर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम थे, किसी भी बहरी व्यक्ति को निगम भवन के अंदर प्रवेश करने की इज़ाज़त नहीं थी। भाजपा पार्षद हरप्रीत कौर बबला के मेयर चुने जाने के बाद चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष जतिंदरपाल मल्होत्रा सहित भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद, संजय टंडन स्थित अन्य भाजपा पार्षदों ने उन्हें मेयर की सीट पर बिठाया और बधाई दी। मेयर चने जाने के बाद हरप्रीत कौर बबला ने सभी पार्षदों का उन्हें इस शहर के उस महत्वपूर्ण पद के लिए चुनने को लेकर धन्यवाद किया और सभी के सहयोग से चंडीगढ़ शहर को फिर से दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाने का वायदा किया।

No comments:

Post a Comment