Wednesday 8 May 2024

कांग्रेस पार्टी शहर की खोई हुई गरिमा को बहाल करने और शहर की विभिन्न समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध: राजीव शर्मा

By 121 News
Chandigarh, May 08, 2024:-
चंडीगढ़ कांग्रेस ने पिछले दस वर्षों में भाजपा की जन विरोधी नीतियों और हद दर्जे की निष्क्रियता की कड़ी आलोचना की है, जिसके कारण चंडीगढ़ शहर में पिछले दस सालों में रोड ट्रैफ़िक की समस्या उत्पन्न होकर एक विकराल रूप धारण कर चुकी है। 

चंडीगढ़ कांग्रेस की ओर से जारी किए गए एक बयान में, पार्टी प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि मेट्रो की परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट वर्ष 2012 में ही प्रस्तुत कर दी गई थी, लेकिन स्थानीय भाजपा नेताओं की आंतरिक कलह और विरोधाभास के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। जबकि भाजपा के मौजूदा सांसद मेट्रो परियोजना लाने के खिलाफ थे, भाजपा के अन्य नेता  यातायात की तेजी से बढ़ रही समस्याओं का कोई वैकल्पिक समाधान नहीं ढूंढ सके और हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। उनकी अर्कमण्यता  से शहर में यातायात सम्बन्धी स्थिति बद से बदतर होती रही। जिसके कारण शहरवासियों को आज असहनीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि ट्रिब्यून चौक के पास ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए दक्षिण मार्ग पर फ्लाई-ओवर के निर्माण की परियोजना भी स्थानीय भाजपा नेताओं में भ्रम और शहर के हित में कोई फ़ैसला लेने में उनकी घोर अक्षमता के कारण शुरू नहीं हो सकी। जबकि माननीय उच्च न्यायालय चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा पेड़ों की बेरहमी से कटाई के बारे में चिंतित था, भाजपा नेताओं के तहत काम करने वाले अधिकारियों ने ग्रीन कवर के नुकसान की भरपाई के लिए नए पौधे लगाने का कोई प्रस्ताव नहीं रखा। नतीजा यह हुआ कि यह परियोजना अब तक रुकी हुई है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा नीत प्रशासन   के यातायात प्रबंधन की भी आलोचना की। ट्रैफ़िक पुलिस यातायात के सुचारू प्रवाह का प्रबन्धन करने के बजाय यातायात के छोटे-मोटे  उल्लंघनों के लिए चालान जारी करने के बारे में अधिक चिंतित रहती है। इसी तरह पार्किंग की गलत नीतियों और पार्किंग स्थलों के आवंटन और प्रबंधन में भाजपाई भ्रष्टाचार ने निवासियों की कठिनाइयों को और बढ़ा दिया है।

कांग्रेस ने स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया कि पार्टी शहर की खोई हुई गरिमा को बहाल करने और शहर की विभिन्न समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन पर पिछले दस वर्षों में भाजपा द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया।

No comments:

Post a Comment