Friday, 13 August 2021

मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कार्यालय ने की प्लास्टिक तिरंगा ना उपयोग करने की अपील

By 121 News
Chandigarh August 13, 2021:-प्लास्टिक तिरंगा बंद करने के लिए देश भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्लास्टिक तिरंगे को लेकर कू एप्प पर चल रही मुहिम को देश भर से जोरदार समर्थन मिल रहा है। 
इस मुहिम को पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से भी समर्थन मिला है। कू एप्प की इस मुहिम का साथ देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ऑफिशियल कू अकाउंट से आम जनता से अपील की कि वो इस स्वतंत्रता दिवस पर प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल ना करें। प्लास्टिक के तिरंगों की जगह कागज या कपड़े से बने तिरंगों का उपयोग करें और देश को स्वच्छ बनाएं।
पंजाब के मुख्यमंत्री के अलावा कई अन्य मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बड़े नेता, खिलाड़ी और बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने कू एप्प पर प्लास्टिक का तिरंगा प्रयोग ना करने की शपथ ली और जनता से भी कपड़े और कागज के तिरंगे इस्तेमाल करने की अपील की। कू एप्प की इस मुहिम का ऐसा असर हुआ कि शुक्रवार #SayNoToPlasticTiranga और #PledgeOnKoo हैशटैग पूरे दिन स्वदेशी माइक्रोब्लॉगिंग साइट कू पर ट्रेंड करते रहे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के कार्यालय, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने भी इस मुहिम से जुड़ कर शपथ ली और लोगों से प्लास्टिक तिरंगा का इस्तेमाल ना करने की अपील की. केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी इस मुहिम में हिस्सा लिया और प्लास्टिक तिरंगा ना इस्तेमाल करने की शपथ ली। 
ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने और भारत को इस बार टोक्यो ओलंपिक्स में रजत पदक दिलाने वाले रवि कुमार  दहिया ने  भी कू पर शपथ लेते हुए लिखा कि बिना प्लास्टिक के इस्तेमाल नहीं कर के हम दुनिया को और भी खूबसूरत बना सकते हैं | 
भारत को 2008  में ओलिंपिक में पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले *अभिनव बिंद्रा* भी कू  पर चल रहे इस मुहिम से जुड़े और लोगों से कहा कि, 'इस स्वतंत्रता दिवस आइए हम सभी शपथ लेते हैं की हम प्लास्टिक तिरंगे का इस्तेमाल नहीं करेंगे और अपने राष्ट्रीय ध्वज को पूरा सम्मान देंगे | 
इस साल देश को टोक्यो ओलंपिक्स में फ्रीस्टाइल रेसलिंग में कांस्य पदक जीतने वाले *दीपक पुनिया* भी कू  पर जुड़ चुके हैं। उन्होंने भी लोगो से अपील करते हुए लिखा कि अगर किसी वस्तु  को  रीसाइकिल कर के दोबारा उपयोग नहीं कर सकते है तो बेहतर है आप उसका इस्तेमाल करना बंद कर दीजिए. प्लास्टिक के तिरंगे को ना कहिए."
क्यों प्लास्टिक तिरंगे को कहें ना?
हर साल गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर कई समारोह के दौरान लोग प्लास्टिक के तिरंगे का इस्तेमाल करते हैं, लोग अपने बच्चों को भी प्लास्टिक के तिरंगे दे देते हैं। समारोह के बाद इन तिरंगों पर किसी का ध्यान नहीं जाता है और जाने अनजाने में लोग तिरंगे का अपमान कर बैठते हैं। प्लास्टिक के तिरंगे का विघटन भी मुश्किल होता है जो हमारे पर्यावरण के लिए काफी हानिकारक है इसलिए प्लास्टिक के तिरंगे का प्रयोग ना कर के हम पर्यावरण को तो बचाते ही हैं साथ में तिरंगे की शान को भी बढ़ाते हैं।
गृह मंत्रालय ने भी दिए निर्देश
गृह मंत्रालय ने भी सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक पत्र में कहा है कि प्‍लास्टिक से बने तिरंगों को ठीक से डिस्‍पोज करना एक समस्‍या है। राष्‍ट्रीय ध्‍वज को लेकर केंद्र सरकार ने कहा है कि प्‍लास्टिक के तिरंगे प्रयोग ना किए जाएं। राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों पर कागज के बने तिरंगे की जगह कई बार प्लास्टिक से बने तिरंगे का प्रयोग किया जाता है। गृह मंत्रालय की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि ऐसे आयोजनों पर केवल कागज के बने तिरंगे का उपयोग होना चाहिए।

No comments:

Post a Comment