By 121 News
Chandigarh, Sept.25, 2025:-चंडीगढ़ कांग्रेस ने नगर निगम और प्रशासन पर मनीमाजरा 24x7 जल आपूर्ति परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत चल रही विजिलेंस जाँच में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि नगर निगम विजिलेंस जाँच में सहयोग नहीं कर रहा है। उसने परियोजना की रिपोर्ट और ज़रुरी दस्तावेज विजिलेंस अधिकारियों को अभी तक उपलब्ध नहीं कराए है, जबकि 10 जुलाई 2025 को इस बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए निगम को नोटिस भेजा गया था। यहाँ तक कि विजिलेंस द्वारा भेजे गए रिमाइंडर का भी निगम पर कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को पहले से ही इस बात का संदेह था कि इस परियोजना के कार्यान्वयन में गलत ढंग से भारी मात्रा में धन का लेन-देन हुआ है, यही वजह है कि कांग्रेस ने अगस्त 2024 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा इसके उद्घाटन समारोह का चुपचाप बहिष्कार किया था।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरी परियोजना की योजना और उस पर कार्यान्वयन उस समय हुआ जब नई दिल्ली और चंडीगढ़ दोनों जगहों पर भाजपा सत्ता में थी। उस समय भारी विरोध के बावजूद भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम ने इस प्रोजेक्ट के लिए 450 करोड़ रुपये से अधिक का विवादास्पद ऋण लिया था, जिसकी भरपाई जनता पर टैक्स बढ़ाकर की जा रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि संसाधनों की कमी से जूझ रहे नगर निगम को अब इस 24x7 परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए 15 वर्षों तक 90 करोड़ रुपये का भुगतान करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि यह परियोजना अभी तक शुरू भी नहीं हो सकी है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि परियोजना के कार्यान्वयन के दौरान भारी मात्रा में धन के कथित दुरुपयोग में भाजपा स्वयं शामिल है और स्थानीय भाजपा अध्यक्ष जतिंदरपाल मल्होत्रा द्वारा इस विवादास्पद परियोजना में हुए भ्रष्टाचार की जाँच की माँग भाजपा के पापों को छिपाने के लिए दिखावा मात्र है।
चंडीगढ़ कांग्रेस ने मांग की है कि मनीमाजरा जल परियोजना में कथित भ्रष्टाचार की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच शीघ्रता से की जाए ताकि जनता के पैसे हड़पने वालों भ्रष्टाचारियों और निगम को भारी कर्ज में डुबोने वालों पर उचित कार्रवाई की जा सके।
No comments:
Post a Comment