Pages

Tuesday, 10 March 2026

108 करोड़ रुपये के कथित घोटाले मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए: एच. एस. लकी

By 121 News
Chandigarh, Mar.10, 2026:-चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी के खाते से नगर निगम के खाते में स्थानांतरित किए जाने वाले लगभग 108 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के सामने आने को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच. एस. लकी ने गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है।
एच. एस. लकी ने कहा कि यह मामला बेहद सनसनीखेज, चौंकाने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से इतनी बड़ी राशि के गबन या अनियमितता की बात सामने आई है, वह सीधे-सीधे शहर की जनता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट सिटी के खाते से नगर निगम को मिलने वाली राशि में इस प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो यह प्रशासनिक तंत्र की गंभीर विफलता को उजागर करता है।
लकी ने कहा कि एक ओर चंडीगढ़ नगर निगम आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। निगम के पास कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तक के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं और शहर में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। ऐसे समय में 108 करोड़ रुपये जैसी बड़ी राशि से जुड़ा घोटाला सामने आना बेहद हैरान करने वाला और चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। लकी ने कहा कि जो भी अधिकारी या व्यक्ति इस घोटाले के लिए जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
एच. एस. लकी ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता के पैसे के साथ किसी भी प्रकार की लूट या अनियमितता को कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी  और इस मामले में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए। 

No comments:

Post a Comment