By 121 News
Chandigarh, April 03, 2025:-कांग्रेस पार्टी ने चण्डीगढ़ भाजपा पर यह आरोप लगाते हुए कि शहर में संपत्ति कर में हाल ही में की गई तीन गुना बढ़ौतरी उनके नेताओं की सहमति से लागू की गई है, कहा है कि प्रापर्टी टैक्स और कलैक्टर रेटों मे अभूतपूर्व वृद्धि का मार्ग तो चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर की पिछले महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक के दौरान ही प्रशस्त हो चुका था।
स्थानीय भाजपा पर अपनी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ मिलीभगत कर शहर के लोगों को तंग और परेशान करने का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज यहां कहा कि 2021 के नगर निगम और 2024 के संसदीय चुनावों में चंडीगढ़ कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा था कि चंडीगढ़ की जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा। यह वादा इसलिए किया गया था क्योंकि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम ने 2016 से 2021 तक लोगों पर लगातार एक के बाद एक कमरतोड़ टैक्स लगाए थे। कांग्रेस प्रवक्ता ने इस पर संतोष ज़ाहिर करते हुए कहा कि पिछले चार साल में एक साल छोड़कर बाकी समय विपक्ष में रहने के बावजूद, चंडीगढ़ कांग्रेस अभी तक निगम के भाजपा महापौरों के टैक्सों को बढ़ाने के सभी प्रयासों को विफल करने में सफल रही थी। परन्तु अब केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले चंडीगढ़ प्रशासन ने नगर निगम के सभी कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए पिछले दरवाज़े से टैक्सों को बढ़ाने का रास्ता साफ कर लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रशासन ने ऐसा जानबूझकर केवल इसलिए किया है, ताकि चंडीगढ़ कांग्रेस द्वारा पिछले दो चुनावों में किए गए जनहितैषी वादों को विफल किया जा सके । उन्होंने चंडीगढ़ भाजपा पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के दबाव में आकर टैक्सों में बेतहाशा बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा के स्थानीय नेतृत्व को यह तय करना पड़ेगा कि वे अपनी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के चंडीगढ़ विरोधी रवैये और कार्रवाइयों का समर्थन करते रहेंगे या भाजपा में अपने पदों से इस्तीफा देकर चंडीगढ़ की जनता के साथ खुलकर खड़े होंगे, क्यों कि अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेताओं और सरकार के चण्डीगढ़ विरोधी रुख के विरुद्ध केवल घड़ियाली आंसू बहाने से कुछ हासिल नहीं होगा।
इस बीच चंडीगढ़ कांग्रेस करों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ चंडीगढ़ नगर निगम कार्यालय के सामने भाजपा के खिलाफ एक विशाल विरोध प्रदर्शन कर रही है और इसके लिए पार्टी ने शहर की बेहतरी और विकास की इच्छा रखने वाले सभी निवासियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment