Pages

Tuesday 17 September 2024

कांग्रेस ने रवनीत बिट्टू के खिलाफ किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

By 121 News
Chandigarh, Sept.17, 2024:--चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज यहां सैक्टर  35 में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी के लिए मोदी सरकार में मंत्री रवनीत बिट्टू और महाराष्ट्र से विधायक के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया।
     चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के सामने एकत्र हुए और सेक्टर 33 चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय कमलम् की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने रवनीत बिट्टू की फ़ोटोओं पर काला क्रास लगाए तख्तियां उठा रखी थीं। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए एक बड़ी टुकड़ी तैनात की थी जैसे ही प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए आगे बढ़े, उन्हें चंडीगढ़ पुलिस ने रोक लिया। तब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मामूली झड़प भी हुई।

 प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए लक्की ने कहा कि यह टिप्पणी मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिखी गई थी और बिट्टू ने अपने नए आकाओं को खुश करने के लिए तैयार की गई स्क्रिप्ट को पढ़ा। उन्होंने बिट्टू पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर भारतीय न्याय  संहिता के तहत मुकद्दमा दर्ज किया जाना चाहिए।  उन्होंने कहा कि बिट्टू को यह नहीं भूलना चाहिए कि आज वह जो कुछ भी हैं, वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी और अपने दादा पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की बदौलत हैं, जिन्होंने देश में सांप्रदायिक और राष्ट्र विरोधी ताकतों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी। अब बिट्टू अपने दादा की विचारधारा को नकार कर खुद सांप्रदायिक ताकतों में शामिल हो गया है और राहुल गांधी के खिलाफ घृणित टिप्पणी कर रहा है, जबकि राहुल  गांधी ने तो उन्हें हमेशा पंजाब के नेता के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि बिट्टू का यह रवैया देखकर बहुत दुख हुआ। लक्की ने आगे कहा कि भाजपा हाल ही में आए संसदीय चुनावों के नतीजों से काफी परेशान है, जिसमें वह 400 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा कर रही थी और अपने दम पर साधारण बहुमत भी नहीं पा सकी। राहुल गांधी के उदय और उनके विपक्ष के नेता बनने से भाजपा हिल गई है और उसका डरा हुआ नेतृत्व अब हताशा में इस तरह के बयान देने के लिए नीचे गिर रहा है। देश की जनता राहुल को निशाना बनाने की इन सभी कोशिशों को समझती है और ऐसी हरकतों के लिए भाजपा और उसके नेतृत्व को बख्शेगी नहीं।

No comments:

Post a Comment