Pages

Sunday 18 September 2022

चंडीगढ़ कांग्रेस ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मामले पर चिंता की व्यक्त

By 121 News
Chandigarh Sept. 18, 2022:-
चंडीगढ़ कांग्रेस ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में कुछ छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने की भयावह घटना को दबाने के लिए पंजाब सरकार और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के प्रबंधन के कुत्सित प्रयासों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।  चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने पहले ही घोषणा कर दी है कि आरोपी के अलावा दूसरी लड़कियों से जुड़ा कोई अन्य वीडियो नहीं बनाया गया था, जब कि जांच अभी प्रारम्भिक स्तर पर ही है  और फोरैन्सिक की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है.   उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार विश्वविद्यालय के शक्तिशाली प्रबंधन के दबाव में झुक रही है और जांच को प्रभावित कर रही है.

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की छात्राओं के प्रति अपना पूरा समर्थन एव एकजुटता व्यक्त करते हुए लक्की ने कहा कि पूरे प्रकरण में विश्वविद्यालय के कुछ प्रभावशाली लोगों के शामिल होने की संभावना हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए. अब तक की गई जांच पीड़ितों के साथ-साथ आक्रोशित जनता में भी  ज्यादा विश्वास नहीं जगाती है। चंडीगढ़ कांग्रेस की मांग है कि असली दोषियों को पकड़ने के लिए इस निन्दनीय घटना की न्यायिक जांच कराने के आदेश दिए जाएं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

No comments:

Post a Comment